
कोल्लम. कोल्लम के पुनालुर के पास कूठनाडि में 39 वर्षीय महिला की उसके पति ने सोमवार को कथित तौर पर गला रेतकर हत्या कर दी और बाद में ‘फेसबुक लाइव’ पर हत्या की बात कबूली. पुलिस ने यह जानकारी दी. मृतका की पहचान कोल्लम के कूठनाडि में प्लाचेरी स्थित वलाक्कोडु की निवासी शालिनी के रूप में हुई है. उसके पति इसहाक (42) ने बाद में पुनालुर थाने में आत्मसमर्पण कर दिया. प्राथमिकी के अनुसार दंपति के वैवाहिक जीवन में समस्याएं थीं.
प्राथमिकी में कहा गया है, ”सुबह करीब साढ़े छह बजे जब शालिनी नहाने के लिए रसोई के पीछे पाइपलाइन के पास गई, तो आरोपी ने उस पर चाकू से हमला कर दिया, जिससे उसकी गर्दन, सीने और पीठ पर गहरे जख्म हो गए.” अपराध के तुरंत बाद इसहाक ने ‘फेसबुक’ पर ‘लाइव’ आकर हत्या की बात स्वीकार की और शालिनी पर विश्वासघात और गहनों की हेराफेरी का आरोप लगाया.
दो मिनट के इस वीडियो में इसहाक ने आरोप लगाया कि शालिनी ने कभी उसकी बात नहीं मानी और अपनी मां के पास रहने चली गई. उसने दावा किया कि हाल में घर लौटने के बाद शालिनी ने घर छोड़ने की मांग की.
उसने शालिनी पर अपने गहने गिरवी रखकर गाड़ी खरीदने का भी आरोप लगाया और अपनी नौकरी एवं राजनीतिक दलों की बैठकों में सक्रिय भागीदारी को लेकर नाराजगी जताई. बाद में वह थाने पहुंचा और पुलिस को अपनी पत्नी की हत्या की सूचना दी. पुलिस की टीम जल्द घटनास्थल पहुंची और शालिनी को मृत पाया. एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि शालिनी के शव को बाद में अस्पताल ले जाया गया.
दंपति के 19 वर्षीय बेटे की शिकायत के आधार पर भारतीय न्याय संहिता की धारा 103(1) (हत्या) के तहत मामला दर्ज किया गया है.
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि दंपति के दो बेटे हैं. इसहाक खाड़ी देश से लौटा है और रबर टैपर का काम करता था. शालिनी पास के एक स्कूल में सहायिका का काम करती थी.
पुलिस ने बताया, ”इसहाक आए दिन अपनी पत्नी से मारपीट करता था जिसके कारण वह (इसहाक की पत्नी) अपनी मां के साथ जाकर रहने लगी. हाल में वह वापस लौट आई और मकान के ऊपर वाले हिस्से में रहने लगी. हत्या उस समय हुई जब शालिनी काम पर जाने की तैयारी कर रही थी.” पुलिस ने बताया कि फोरेंसिक टीम उस घर की जांच कर रही है जहां हत्या हुई थी. पुलिस ने बताया कि मृतका और आरोपी दोनों के मोबाइल फोन जब्त कर लिए गए हैं.



