
कोंडागांव. छत्तीसगढ़ के कोंडागांव जिले में सुरक्षाबलों ने पांच-पांच किलोग्राम के दो ‘इम्प्रोवाइज्ड एक्सप्लोसिव डिवाइस’ (आईईडी) बरामद किये. पुलिस अधिकारियों ने बुधवार को यह जानकारी दी. पुलिस अधिकारियों ने बताया कि जिले के इरागांव थाना क्षेत्र में सुरक्षाबलों ने दो आईईडी बरामद किये. उन्होंने बताया कि जिले के इरागांव और धनोरा थाना क्षेत्र के सुरक्षाबलों को मंगलवार को नक्सल विरोधी अभियान में रवाना किया गया था. दल में डीआरजी और जिला बल के जवान शामिल थे.
अधिकारियों ने बताया कि एक दल जब इरागांव थाना क्षेत्र के अंतर्गत कोटकोडो, तमोरा और किलेनार गांव के करीब था तभी उन्हें नक्सलियों द्वारा आईईडी लगाए जाने की सूचना मिली. अधिकारियों ने बताया कि बाद में बम निरोधक दस्ते ने पांच-पांच किलोग्राम के दो आईईडी बरामद कर उन्हें घटनास्थल पर ही नष्ट कर दिया गया. राज्य के नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में सुरक्षाबलों को नुकसान पहुंचाने के लिए नक्सली अक्सर सड़कों और उसके करीब आईईडी लगाते हैं.



