76 साल के हुए लालू, समर्थकों और परिवार ने मनाया जश्न

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Sun, 11 Jun 2023 08:21 PM
76 साल के हुए लालू, समर्थकों और परिवार ने मनाया जश्न
ऑडियो सुनें

पटना/चेन्नई. बिहार में भीषण गर्मी से बेपरवाह राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के नेताओं और कार्यकर्ताओं ने रविवार को पार्टी संस्थापक अध्यक्ष लालू प्रसाद का 76वां जन्मदिन मनाया. पार्टी के संस्थापक अध्यक्ष के जन्मदिन के अवसर पर यहां अनुयायियों और परिवार के सदस्यों की उपस्थिति में 76 पाउंड वजन का एक विशाल केक काटा गया.पटना के कई हिस्सों में राजद कार्यकर्ताओं द्वारा गरीबों को भोजन करवाया गया .

इस अवसर की विशिष्टता राजद के अब प्रदेश में सत्ता में होने एवं पार्टी सुप्रीमो के शहर में रहने के कारण और भी बढ़ गई क्योंकि पिछले कई वर्षों से जेल की सजा और खराब स्वास्थ्य ने उन्हें अपने जन्मदिन पर अपने लोगों से दूर रखा था. बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री लालू प्रसाद यहां दस सर्कुलर रोड स्थित अपनी पत्नी राबड़ी देवी को आवंटित सरकारी बंगले में रह रहे हैं. वहां आधी रात को ही उस समय जश्न शुरू हो गया था जब उनके छोटे बेटे तेजस्वी यादव सहित परिवार के सदस्यों से घिरे हुए उन्होंने छोटा सा केक काटा. तेजस्वी यादव राज्य के उपमुख्यमंत्री हैं.

राजद सुप्रीमो की पुत्री रोहिणी आचार्य इस अवसर पर मौजूद थीं.उन्होंने पिछले साल अपने पिता को अपनी एक किडनी दान किया.
इस अवसर पर लालू के बड़े बेटे और बिहार सरकार में मंत्री तेज प्रताप यादव ने अपने पसंदीदा देवता भगवान कृष्ण से जुड़े उत्तर प्रदेश के एक शहर बरसाना में दिन बिताने का फैसला किया.

तेज प्रताप ने ट्विटर पर लालू के साथ एक वीडियो कॉल पर बातचीत का एक क्लिप साझा किया है जिसमें उन्होंने उन्हें जन्मदिन की बधाई दी . राजद प्रमुख के जन्मदिन के अवसर पर उन्हें कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एम के स्टालिन और झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने शुभकामनाएं दी हैं.

बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने राजद सुप्रीमो को उनके जन्मदिन की बधायी एवं शुभकामना देते हुए उनके स्वस्थ एवं सुदीर्घ जीवन की कामना की है. कुमार की पार्टी जनता दल यूनाइटेड (जदयू) के राष्ट्रीय अध्यक्ष राजीव रंजन सिंह उर्फ ललन सिंह लालू को उनके जन्मदिन की बधाई देने के लिए दस सर्कुलर रोड पहुंचे थे.

स्टालिन ने लालू की तारीफ की, सामाजिक न्याय का ‘निर्भीक योद्धा’ बताया
तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एम के स्टालिन ने रविवार को राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के नेता लालू प्रसाद यादव को जन्मदिन की बधाई दी और उन्हें “सामाजिक न्याय का निर्भीक योद्धा” बताया. द्रविड़ मुनेत्र कषगम (द्रमुक) के अध्यक्ष स्टालिन ने लालू को ट्विटर पर उनके 76वें जन्मदिन की शुभकामनाएं दीं.

उन्होंने लिखा, “वरिष्ठ राजनेता और राजद के राष्ट्रीय अध्यक्ष थिरु लालू प्रसाद यादव जी को जन्मदिन की हार्दिक शुभकामनाएं.” स्टालिन ने कहा, “लालू ने ‘इज्जत’ के लिए जो जोर दिया, वह उनकी राजनीति को थंथई पेरियार द्वारा चलाए गए हमारे स्वाभिमान आंदोलन के बहुत करीब लाता है. चाहे पिछड़े वर्गों के लिए आरक्षण हो या जातिगत जनगणना की मांग या धर्मनिरपेक्षता को कायम रखना, थिरु लालू प्रसाद का लगातार आवाज उठाना, उन्हें सामाजिक न्याय का एक निर्भीक योद्धा बनाता है.” द्रमुक प्रमुख ने लालू के जन्मदिन के अवसर पर “उत्तर भारत में मंडल राजनीति को मजबूत करने” के लिए लोगों की सेवा में उनके और अधिक वर्षों तक सक्रिय बने रहने की कामना की.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu