हरियाणा के कुरुक्षेत्र में शराब ठेकेदार की गोली मारकर हत्या

Author: navabharat digital
UPDATED: Sat, 14 Jun 2025 02:52 PM
हरियाणा के कुरुक्षेत्र में शराब ठेकेदार की गोली मारकर हत्या
ऑडियो सुनें

कुरुक्षेत्र: हरियाणा के कुरुक्षेत्र जिले के शाहाबाद में राष्ट्रीय राजमार्ग पर शुक्रवार शाम अज्ञात हमलावरों ने एक शराब ठेकेदार की गोली मारकर हत्या कर दी। पुलिस ने शनिवार को यह जानकारी दी। पुलिस के अनुसार, मृतक की पहचान शांतनु के रूप में हुई है, जिसे शाहाबाद के मीना मार्केट के पास उस समय गोली मारी गई, जब वह अपनी कार रोककर कुछ सामान खरीदने उतरा था। हमलावर ‘स्पोर्ट्स बाइक’ पर सवार थे और उन्होंने उस पर सात गोलियां दागी।

चश्मदीदों के मुताबिक, हमलावरों ने लगभग आठ राउंड गोलीबारी की। गोलीबारी से व्यस्त राजमार्ग पर अफरा-तफरी मच गई। राहगीरों ने हमलावरों को पकड़ने की कोशिश की, लेकिन वे अपनी बाइक छोड़कर सड़क पार भागे और बंदूक की नोक पर एक मोटरसाइकिल लूटकर राजमार्ग की उल्टी दिशा में अंबाला की ओर फरार हो गए।

शांतनु को तुरंत आदेश अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस अधीक्षक (एसपी) नितीश अग्रवाल ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया कि वह उप अधीक्षक (डीएसपी) राम कुमार और शाहाबाद थाना प्रभारी सतीश कुमार के साथ घटनास्थल पर पहुंचे।

उन्होंने बताया कि मामले में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है और हमलावरों की तलाश में सभी प्रमुख मार्गों और शहर की सीमाओं पर नाकेबंदी कर सुरक्षा कड़ी कर दी गई है। एसपी ने बताया कि मृतक मूल रूप से झज्जर जिले के एक गांव का रहने वाला था और कुछ समय से शाहाबाद में रह रहा था।

पुलिस अधिकारी ने बताया कि जांच दल ने फोरेंसिक साक्ष्य जुटाए हैं, दुकानदारों से पूछताछ की गई है और मीना मार्केट सहित आसपास के क्षेत्रों के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि पुलिस को कुछ सुराग मिले हैं और जल्द ही मामले में सफलता मिलने की उम्मीद है।

जाब, हिमाचल प्रदेश और उत्तर प्रदेश से सटी सीमाओं पर जांच सख्त कर दी गई है। अंबाला, साहा और बराड़ा सहित आसपास के क्षेत्रों में कई पुलिस टीमें रवाना की गई हैं। पुलिस के एक अधिकारी के अनुसार, प्रारंभिक जांच में हत्या के पीछे पुरानी रंजिश या शराब व्यापार से जुड़े विवाद की आशंका जताई गई है।

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By navabharat digital