लोकसभा: धन्यवाद प्रस्ताव पर चर्चा की शुरुआत कर सकते हैं ठाकुर, प्रधानमंत्री का जवाब दो जुलाई को

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Thu, 27 Jun 2024 07:16 PM
लोकसभा: धन्यवाद प्रस्ताव पर चर्चा की शुरुआत कर सकते हैं ठाकुर, प्रधानमंत्री का जवाब दो जुलाई को
ऑडियो सुनें

नयी दिल्ली. लोकसभा में शुक्रवार को राष्ट्रपति के अभिभाषण पर धन्यवाद प्रस्ताव पर चर्चा की शुरुआत पूर्व केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर कर सकते हैं. धन्यवाद प्रस्ताव पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी दो जुलाई को जवाब दे सकते हैं. सूत्रों ने यह जानकारी दी. सूत्रों ने बताया कि राज्यसभा में शुक्रवार को भाजपा नेता सुधांशु त्रिवेदी धन्यवाद प्रस्ताव पर चर्चा की शुरुआत कर सकते हैं और उच्च सदन में प्रधानमंत्री तीन जुलाई को चर्चा पर जवाब दे सकते हैं.

परंपरा और संसदीय प्रक्रियाओं के अनुसार, संसद के दोनों सदनों की संयुक्त बैठक में राष्ट्रपति के अभिभाषण के बाद, लोकसभा और राज्यसभा में राष्ट्रपति के अभिभाषण पर धन्यवाद देने के लिए अलग-अलग प्रस्तावों को अपनाया जाता है. दोनों सदनों में धन्यवाद प्रस्ताव पर चर्चा के दौरान सत्ता पक्ष और विपक्ष दोनों ओर से तीखे हमले हो सकते हैं. अठारहवीं लोकसभा के गठन के बाद संसद का यह पहला सत्र है. संसद में चर्चा के दौरान परीक्षा प्रश्नपत्र लीक होने जैसे मुद्दे छाए रह सकते हैं.

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने बृहस्पतिवार को अपने अभिभाषण में कहा कि सरकार पेपर लीक होने की हालिया घटनाओं की जांच कराने और दोषियों को सजा दिलाने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है. भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के एक वरिष्ठ नेता ने कहा कि शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान धन्यवाद प्रस्ताव पर चर्चा के दौरान हस्तक्षेप कर सकते हैं और नीट-यूजी परीक्षा से संबंधित मुद्दे पर अपनी बात रख सकते हैं.

संसद के दोनों सदनों में 1975 में देश में लागू आपातकाल का मुद्दा भी छाया रह सकता है जिसका जिक्र राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़, प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने हाल में किया है. मुर्मू ने अपने अभिभाषण में आपातकाल को संविधान पर ”सीधे हमले का सबसे बड़ा और काला अध्याय” बताया. संसद का यह सत्र तीन जुलाई को समाप्त हो सकता है.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu