लोकपाल ने महुआ मोइत्रा के खिलाफ सीबीआई जांच का आदेश दिया: दुबे

नयी दिल्ली. भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सांसद निशिकांत दुबे ने बुधवार को कहा कि लोकपाल ने तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) सांसद महुआ मोइत्रा द्वारा कथित भ्रष्टाचार किए जाने की उनकी शिकायत पर उनके (मोइत्रा के) खिलाफ केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) जांच का आदेश दिया है.

इस घटनाक्रम की ओर परोक्ष तौर पर इशारा करते हुए मोइत्रा ने कहा कि सीबीआई को पहले अडाणी समूह के कथित कोयला घोटाले की जांच के लिए प्राथमिकी दर्ज करनी चाहिए. उन्होंने यह कटाक्ष भी किया कि ‘लोकपाल अभी जिंदा है.’ इससे कुछ दिन पहले भाजपा सांसद निशिकांत दुबे ने मोइत्रा पर रिश्वत के बदले कारोबारी दर्शन हीरानंदानी के इशारे पर, उपहारों के बदले, अडाणी समूह को निशाना बनाने के लिए लोकसभा में सवाल पूछने का आरोप लगाया था. इस मामले को लोकसभा की आचार समिति देख रही है. मोइत्रा ने किसी भी तरह का आर्थिक लाभ प्राप्त करने के आरोप से इनकार किया है.

दुबे ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ (पूर्व में ट्विटर) पर एक पोस्ट में लिखा, ”लोकपाल ने मेरी शिकायत पर, राष्ट्रीय सुरक्षा को गिरवी रखकर भ्रष्टाचार करने की आरोपी सांसद महुआ मोइत्रा के खिलाफ आज सीबीआई जांच का आदेश दिया.” हालांकि, लोकपाल की ओर से कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है.

मोइत्रा ने ‘एक्स’ पर पोस्ट किया, ”यह जानकर बहुत खुशी हुई कि मोदी जी का लोकपाल अस्तित्व में है और इसे विशेष रूप से पाले गए…द्वारा सक्रिय किया गया है.” उन्होंने कटाक्ष करते हुए कहा कि लोकपाल कार्यालय के लिए ऐसी महत्वपूर्ण घोषणाओं को आउटसोर्स करना अपमानजनक है. मोइत्रा ने एक अन्य पोस्ट में कहा, ”लोकपाल अभी जिंदा है.”

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button