लखनऊ सुपर जाइंट्स ने मुंबई को सात विकेट पर 144 रन पर रोका

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Tue, 30 Apr 2024 10:19 PM
लखनऊ सुपर जाइंट्स ने मुंबई को सात विकेट पर 144 रन पर रोका
ऑडियो सुनें

लखनऊ.अपने गेंदबाजों के अनुशासित प्रदर्शन के दम पर लखनऊ सुपर जाइंट्स ने इंडियन प्रीमियर लीग के मैच में मंगलवार को मुंबई इंडियंस को सात विकेट पर 144 रन पर रोक दिया . पहले बल्लेबाजी के लिये भेजी गई मुंबई ने पावरप्ले के भीतर ही चार विकेट गंवा दिये . निहाल वढेरा (46) और ईशान किशन (32) पांचवें विकेट के लिये 53 रन की साझेदारी करके भी टीम को बड़ा स्कोर नहीं दे सके .
टिम डेविड ने 18 गेंद में 35 रन बनाये जिसमें आखिरी ओवर में बनाये गए 17 रन शामिल थे .

मुंबई का शीर्षक्रम बुरी तरह नाकाम रहा और पहले छह ओवर में चार विकेट 28 रन पर गिर गए . यह इस सत्र में पावरप्ले में दूसरा न्यूनतम स्कोर है . रोहित शर्मा को बायें हाथ के तेज गेंदबाज मोहसिन खान ने आउट किया जबकि सूर्यकुमार यादव का विकेट मार्कस स्टोइनिस ने लिया. रवि बिश्नोई के सटीक थ्रो पर तिलक वर्मा अपना विकेट गंवा बैठे . कप्तान हार्दिक पंड्या को नवीनुल हक ने खाता खोलने का मौका भी नहीं दिया . मुंबई का स्कोर 5 . 2 ओवर के बाद चार विकेट पर 27 रन था .

लखनऊ ने पावरप्ले में स्टोइनिस का बखूबी इस्तेमाल किया जिन्होंने तीन ओवर में 19 रन देकर एक विकेट लिया. चोट से उबरकर वापसी कर रहे तेज गेंदबाज मयंक यादव की गेंद पर एश्टोन टर्नर ने डीप स्क्वेयर लेग में ईशान किशन का कैच टपकाया. ईशान और निहाल वढेरा ने पांचवें विकेट के लिये अर्धशतकीय साझेदारी की . सात ओवर बाकी रहते ईशान ने बिश्नोई की गुगली पर विकेट गंवा दिया . वहीं वढेरा ने 15वें ओवर में यादव की धुनाई करते हुए दो छक्के और एक चौका जड़ा. मोहसिन ने वढेरा को यॉर्कर पर पवेलियन भेजा . टिम डेविड ने इस ओवर में एक छक्का और एक चौका लगाया. मोहम्मद नबी के एक शॉट पर यादव को चोट लगी और उन्हें तुरंत मैदान से जाना पड़ा.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu