महाराष्ट्र: निवेश का झांसा देकर नवी मुंबई के व्यक्ति से 24 लाख रुपये ठगे

Author: Nandkishoryadav
UPDATED: Wed, 24 Jan 2024 01:43 PM
महाराष्ट्र: निवेश का झांसा देकर नवी मुंबई के व्यक्ति से 24 लाख रुपये ठगे
ऑडियो सुनें

ठाणे: महाराष्ट्र में नवी मुंबई के एक व्यक्ति से ‘कोला नट्स’ खरीद योजना में अच्छे मुनाफे का वादा कर कथित तौर पर 24.05 लाख रुपये ठग लिये गये। पुलिस ने बुधवार को यह जानकारी दी। ‘कोला नट’ में भरपूर मात्रा में कैफीन होता है और इसका सेवन केंद्रीय तंत्रिका तंत्र के लिए उत्तेजक का काम करता है।

खारघर इलाके के रहने वाले पीड़ित ने पुलिस को बताया कि कुछ लोगों ने उससे संपर्क किया और कथित तौर पर ब्रिटेन की एक फार्मा कंपनी का फर्जी व्यापार समझौता पेश किया। नवी मुंबई साइबर पुलिस थाने के एक अधिकारी ने बताया कि जालसाजों ने पीड़ित को ‘कोला नट्स’ की खरीद की एक योजना में निवेश करने का लालच दिया और अच्छे मुनाफे का वादा किया।

पीड़ित ने पिछले चार-पांच महीने में आरोपी को 24,05,000 रुपये का भुगतान किया। हालांकि, उसे वादे के मुताबिक मुनाफा नहीं मिला और आरोपी गोलमोल जवाब देने लगे, जिसके बाद उसने साइबर पुलिस में शिकायत दर्ज कराई।

अधिकारी ने बताया कि शिकायत के आधार पर पुलिस ने मंगलवार को सात लोगों के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की धारा 419 (प्रतिरूपण द्वारा धोखाधड़ी), 420 (धोखाधड़ी), 468 (धोखाधड़ी के उद्देश्य से जालसाजी) और 34 (साझा इरादा) के तहत मामला दर्ज किया और इसकी जांच जारी है।

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Nandkishoryadav