मणिपुर के मुख्यमंत्री का इस्तीफा ”देर से” उठाया कदम है, लोगों को मोदी के दौरे का इंतजार: कांग्रेस

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Sun, 09 Feb 2025 09:15 PM
मणिपुर के मुख्यमंत्री का इस्तीफा ”देर से” उठाया कदम है, लोगों को मोदी के दौरे का इंतजार: कांग्रेस
ऑडियो सुनें

नयी दिल्ली. कांग्रेस ने मणिपुर के मुख्यमंत्री पद से एन बीरेन सिंह के इस्तीफे को ”देर से उठाया गया कदम” बताते हुए रविवार को कहा कि राज्य के लोगों को अब ”लगातार विदेशी दौरों पर रहने वाले हमारे प्रधानमंत्री” नरेन्द्र मोदी के आने का इंतजार हैं. मणिपुर के मुख्यमंत्री एन बीरेन सिंह ने रविवार को राजभवन में राज्यपाल अजय कुमार भल्ला को अपना इस्तीफा सौंप दिया. इसके कुछ ही देर बाद कांग्रेस ने यह प्रतिक्रिया दी. अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के महासचिव (संचार प्रभारी) जयराम रमेश ने कहा कि कांग्रेस सोमवार को मणिपुर विधानसभा में सिंह और उनकी मंत्रिपरिषद के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव लाने के लिए तैयार है.

रमेश ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ”मणिपुर के मुख्यमंत्री ने माहौल को भांपते हुए इस्तीफा दे दिया. कांग्रेस मणिपुर में हिंसा भड़कने पर मई 2023 की शुरुआत से इसकी मांग कर रही थी.” उन्होंने कहा, ”मुख्यमंत्री का इस्तीफा देर से दिया गया. अब मणिपुर के लोग लगातार विदेश यात्रा करने वाले हमारे प्रधानमंत्री के दौरे का इंतजार कर रहे हैं, जो इस समय फ्रांस और अमेरिका की यात्रा पर हैं और जिन्हें पिछले 20 महीने में मणिपुर जाने के लिए न तो समय मिला है और न ही उनकी इच्छा है.”

सिंह ने राज्यपाल को लिखे अपने पत्र में कहा, ”अब तक मणिपुर के लोगों की सेवा करना मेरे लिए सम्मान की बात रही है. मैं प्रत्येक मणिपुरी के हितों की रक्षा के लिए समय पर की गई कार्रवाई, हस्तक्षेप, विकास कार्यों और विभिन्न परियोजनाओं के कार्यान्वयन के लिए केंद्र सरकार का बहुत आभारी हूं.” यह घटनाक्रम उनके दिल्ली से लौटने के कुछ ही घंटों बाद हुआ है.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu