कई दल राजग में शामिल होना चाहते हैं, ‘धर्म’ भाजपा के साथ है: अनुराग ठाकुर

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Tue, 04 Jul 2023 08:24 PM
कई दल राजग में शामिल होना चाहते हैं, ‘धर्म’ भाजपा के साथ है: अनुराग ठाकुर
ऑडियो सुनें

कांगड़ा/ऊना. केंद्रीय सूचना एवं प्रसारण मंत्री अनुराग ठाकुर ने मंगलवार को कहा कि कई दल राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) में शामिल होना चाहते हैं और राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) ने इसकी शुरुआत कर दी है. ठाकुर ने कहा कि राजग में शामिल होने और महाराष्ट्र सरकार का हिस्सा बनने की राकांपा की पहल से सरकार को मजबूती मिलेगी और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) 2024 के आम चुनाव के बाद केंद्र में मजबूत व स्थिर सरकार बरकरार रखेगी. ठाकुर ने कांगड़ा हवाई अड्डे पर पहुंचने के बाद पत्रकारों से यह बात कही.

संविधान का अनुच्छेद 370 निरस्त किए जाने को चुनौती देने वाली याचिकाओं पर उच्चतम न्यायालय में सुनवाई शुरू होने से संबंधित एक सवाल का जवाब देते हुए ठाकुर ने कहा कि 75 साल बाद जम्मू-कश्मीर को उसका अधिकार मिला और इस फैसले के बाद शांति, भाईचारे के साथ-साथ विकास को बढ़ावा मिला है.

बाद में, ऊना जिले के गगरेट में एक समारोह को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि “धर्म भाजपा के साथ है” और पार्टी 2024 के लोकसभा चुनाव के बाद सत्ता बरकरार रखने के लिए पूरी तरह तैयार है. उन्होंने दावा किया कि इस बार भाजपा के रथ में रोड़े अटकाने की कोशिश करने वाले पूरी तरह से खत्म हो जाएंगे. उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व वाली राजग सरकार की उपलब्धियां अद्वितीय हैं और लोग चाहते हैं कि राजग फिर से सत्ता में लौटे.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu