छत्तीसगढ़ के उत्तरी क्षेत्र में भूकंप के हल्के झटके

Author: Nandkishoryadav
UPDATED: Fri, 24 Mar 2023 06:04 PM
ऑडियो सुनें

अंबिकापुर/सूरजपुर. छत्तीसगढ़ के सूरजपुर जिले में शुक्रवार सुबह भूकंप के हल्के झटके महसूस किए गए. मौसम विज्ञान केंद्र के अधिकारियों ने यह जानकारी दी है. अधिकारियों ने बताया कि शुक्रवार सुबह करीब 10.28 बजे सूरजपुर जिले के भटगांव कस्बे और आसपास के क्षेत्र में भूकंप के हल्के झटके महसूस किए गए हैं.

उन्होंने बताया कि भूकंप की तीव्रता रिक्टर पैमाने पर 3.9 मापी गई है. भूकंप का केंद्र भू सतह से लगभग 10 किलोमीटर नीचे था.
अधिकारियों ने बताया कि इस श्रेणी के भूकंप से आंशिक क्षति का अंदेशा रहता है जो कच्चे ढांचों को नुकसान पहुंचा सकता है. हालांकि क्षेत्र से अभी तक किसी क्षति की जानकारी नहीं है.

उन्होंने बताया कि भूकंप के झटके करीब छह सेकेंड तक महसूस किए गए. भूकंप के कारण लोग घरों से बाहर निकल गए थे. अधिकारियों ने बताया कि भूकंप के झटके के बाद जिला शिक्षा अधिकारी ने सुरक्षा की दृष्टि से सभी स्कूलों में छुट्टी देने की आदेश जारी किया है. छत्तीसगढ़ के उत्तरी हिस्से में बसे सरगुजा क्षेत्र में पिछले दस माह में छह बार भूकंप के झटके महसूस किए गए हैं.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Nandkishoryadav