मोदी सरकार किसानों के कल्याण के लिए प्रतिबद्ध: अमित शाह

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Wed, 28 Feb 2024 07:58 PM
मोदी सरकार किसानों के कल्याण के लिए प्रतिबद्ध: अमित शाह
ऑडियो सुनें

नयी दिल्ली. केंद्र की नरेन्द्र मोदी सरकार किसानों के कल्याण के लिए प्रतिबद्ध है और ‘प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि’ योजना के तहत अब तक तीन लाख करोड़ रुपये से अधिक की राशि सीधे किसानों के खातों में डाली जा चुकी है. केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने बुधवार को यह बात कही. प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि एक केंद्रीय योजना है, जिसमें भारत सरकार सौ प्रतिशत योगदान देती है. यह योजना एक दिसंबर, 2018 से चालू है.

योजना के तहत, जिन किसानों के पास खेत हैं, उन्हें तीन समान किस्तों में हर साल 6,000 रुपये दिए जाते हैं. यह धनराशि सीधे उनके बैंक खातों में भेजी जाती है. शाह ने ‘एक्स’ पर लिखा, ”प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में हमारी सरकार किसानों के कल्याण के लिए प्रतिबद्ध है. आज मोदी जी ‘प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि’ की 16वीं किस्त के तहत 21 हजार करोड़ से अधिक की राशि नौ करोड़ से अधिक किसानों को सीधे उनके बैंक खातों में भेजेंगे.” गृह मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना से अब तक करोड़ों किसानों को फायदा हुआ है.

उन्होंने आगे लिखा, ”अबतक ‘प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि’ से करोड़ों किसान लाभान्वित हुए हैं. उन्हें तीन लाख करोड़ से अधिक की राशि सीधे प्रत्यक्ष लाभ अंतरण (डीबीटी) के माध्यम से दी गई है. डीबीटी के जरिये भुगतान करने वाली यह दुनिया की सबसे बड़ी योजना है.” शाह ने कहा कि यह योजना किसानों के जीवन को आसान बनाने और कृषि को बढ.ावा देने की दिशा में ऐतिहासिक साबित हुई है.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu