मोदी सरकार ने जम्मू कश्मीर का पुनर्निर्माण किया, आतंकवाद का दौर समाप्त हुआ: शाह

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Wed, 31 Jan 2024 09:17 PM
ऑडियो सुनें

नयी दिल्ली. केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने बुधवार को कहा कि नरेन्द्र मोदी सरकार ने आतंकवाद और हिंसा के दौर को समाप्त करते हुए जम्मू कश्मीर का पुर्निनर्माण किया है और बड़े पैमाने पर बुनियादी ढांचा एवं कल्याणकारी योजनाओं को शुरू करके विकास को गति दी है. शाह ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर हैशटैग ‘प्रगतिशील जम्मू कश्मीर’ के साथ पोस्ट किया कि प्रधानमंत्री मोदी ने युवाओं में एक नयी आशा जगाकर जम्मू कश्मीर को बदल दिया है.

उन्होंने कहा कि मोदी सरकार ने युवाओं के सपनों को सुरक्षित किया और शिक्षा और कौशल सुविधाओं को मजबूत करके उनकी आकांक्षाओं को नयी गति दी. उन्होंने कहा, ”मोदी सरकार ने आतंकवाद और हिंसा के दौर को समाप्त करते हुए जम्मू कश्मीर का पुर्निनर्माण किया. मोदी सरकार ने बड़े पैमाने पर बुनियादी ढांचा और कल्याणकारी योजनाओं को शुरू करके जम्मू कश्मीर के विकास को गति दी और आज यह भारत के शक्तिशाली लोकतंत्र का गौरवपूर्ण प्रमाण है.” उन्होने कहा कि जम्मू कश्मीर की संस्कृति देश की सबसे प्राचीन एवं समृद्ध संस्कृतियों में से एक है. उन्होंने कहा कि मोदी सरकार में जम्मू कश्मीर के सांस्कृतिक धरोहरों का पुनरुद्धार हो रहा है और जम्मू कश्मीर का सांस्कृतिक गौरव एक बार फिर से बढ. रहा है.

शाह ने आरोप लगाया कि जम्मू कश्मीर की जनता परिवारवाद की राजनीति के कारण विकास से अछूती थी. उन्होंने कहा कि मोदी सरकार ने जमीनी स्तर पर विकास पहुंचाने के उद्देश्य से यहां पंचायती राज की व्यवस्था को मजबूत किया है, जिससे अब शासन-व्यवस्था परिवारवाद से मुक्त होकर आम जनता के हाथों में पहुंची है.

उन्होंने कहा, ”प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में, जम्मू कश्मीर अब राहत की सांस ले रहा है. अनुच्छेद 370 को खत्म करने के बाद, मोदी सरकार ने आतंकवाद को बिल्कुल भी बर्दाश्त नहीं करने की नीति के साथ कुचलकर घाटी में जीवन की गरिमा को सुरक्षित किया है.” शाह के कार्यालय ने इसी तर्ज पर ‘एक्स’ पर पोस्ट किया कि जम्मू कश्मीर लंबे समय तक आतंकवाद और अतिवाद से जूझता रहा है. इस पोस्ट में लिखा गया कि मोदी सरकार ने अनुच्छेद 370 को खत्म करके जम्मू कश्मीर में शांति और स्थिरता स्थापित की, जिसके परिणामस्वरूप केंद्र शासित प्रदेश विकास और समृद्धि के पथ पर आगे बढ. रहा है.

इसमें कहा गया है कि मोदी सरकार की नीतियों के कारण जम्मू कश्मीर के युवाओं की तस्वीर बदल गई है और वे अब अलगाववाद से नहीं बल्कि विकास से जुड़ रहे हैं. पोस्ट में कहा गया, ”2023 में जम्मू कश्मीर में पथराव की एक भी घटना नहीं हुई.” शाह के कार्यालय ने कहा कि मोदी सरकार ने जम्मू कश्मीर में लोकतंत्र की जड़ों को मजबूत करने के लिए पंचायती राज व्यवस्था को बहाल किया, जिससे शासन आम लोगों के हाथों में आ गया है और पूरे क्षेत्र में विकास के एक नये युग की शुरुआत हुई है.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu