मोदी बताएं कि क्या शुभेंदु अधिकारी के खिलाफ मामला भाजपा की ‘वाशिंग मशीन’ में धुल गया: कांग्रेस

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Wed, 29 May 2024 09:10 PM
मोदी बताएं कि क्या शुभेंदु अधिकारी के खिलाफ मामला भाजपा की ‘वाशिंग मशीन’ में धुल गया: कांग्रेस
ऑडियो सुनें

नयी दिल्ली. कांग्रेस ने पश्चिम बंगाल और ओडिशा में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की जनसभा के मद्देनजर बुधवार को इन दोनों राज्यों से संबंधित कुछ मुद्दों को लेकर उनसे सवाल किए और पूछा कि क्या शुभेंदु अधिकारी के खिलाफ केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) का मामला भाजपा की ‘वाशिंग मशीन’ में धुल गया.

पार्टी महासचिव जयराम रमेश ने भाजपा नेता संबित पात्रा के एक बयान का हवाला देते हुए यह सवाल भी किया कि क्या प्रधानमंत्री मोदी भगवान जगन्नाथ को अपना भक्त मानते हैं? उन्होंने ‘एक्स’ पर पोस्ट किया, ”बंगाल में राशन की दुकानों पर अपनी तस्वीरों वाले साइन बोर्ड और फ्लेक्स नहीं लगाने के कारण प्रधानमंत्री ने राज्य का 7,000 करोड़ रुपये का फंड क्यों रोका? क्या शुभेंदु अधिकारी के खिलाफ सीबीआई का मामला भाजपा की ‘वाशिंग मशीन’ में धुल गया? क्या प्रधानमंत्री बच्चों के लिए टीकों से अधिक अपने प्रचार को प्राथमिकता देते हैं?”

रमेश ने कहा, ”अप्रैल 2017 में, सीबीआई ने नारद घोटाले के सिलसिले में तत्कालीन तृणमूल कांग्रेस के सांसद शुभेंदु अधिकारी के ख.लिाफ. प्राथमिकी दर्ज की थी. अप्रैल 2019 में, सीबीआई ने लोकसभा अध्यक्ष से उनके ख.लिाफ मुकदमा चलाने की मंजूरी मांगी. दिसंबर 2020 में वह भाजपा में शामिल हो गए, और सीबीआई को उसके बाद लोकसभा अध्यक्ष की मंजूरी नहीं मिली. इसी तरह, तृणमूल नेता तापस रॉय पर इस साल जनवरी में धनशोधन के मामले में ईडी (प्रवर्तन निदेशालय) ने छापा मारा था और मार्च तक वह भी भाजपा में शामिल हो गए.”

उन्होंने सवाल किया, ”क्या प्रधानमंत्री इस बात पर कुछ बोलेंगे कि इन नेताओं के खिलाफ सीबीआई और ईडी की कार्रवाई क्यों रोकी गई है? जब पश्चिम बंगाल में उनकी ‘वाशिंग मशीन’ स्पष्ट रूप से पूरे जोरों पर है तो भाजपा भ्रष्टाचार मिटाने का दिखावा कैसे कर सकती है?” रमेश ने ओडिशा को लेकर प्रधानमंत्री से सवाल किया, ”बालासोर में भयानक ट्रेन दुर्घटना के बाद भी कुछ क्यों नहीं बदला? क्या निवर्तमान प्रधानमंत्री भगवान जगन्नाथ को अपना भक्त मानते हैं? क्या अमरदा हवाई पट्टी को कभी पुनर्जीवित किया जाएगा? मयूरभंज में गर्मी और जल संकट से निपटने के लिए भाजपा-बीजद क्या कर रहे हैं?”

किसान संगठनों से बातचीत के बाद बनाएंगे आयात एवं निर्यात नीति: कांग्रेस

कांग्रेस ने बुधवार को कहा कि केंद्र में ‘इंडिया’ गठबंधन की सरकार बनने पर किसानों एवं उनके संगठनों के साथ बातचीत के बाद ही कृषि उपज के निर्यात एवं आयात से जुड़ी नीति बनाई जाएगी. पार्टी महासचिव जयराम रमेश ने यह दावा भी किया कि मोदी सरकार की अप्रत्याशित आयात-निर्यात नीति के कारण भारतीय किसानों को बहुत नुक.सान उठाना पड़ा है.

उन्होंने एक वीडियो जारी कर कहा, ”हमें आयात पर रोक लगाने की जरूरत है और निर्यात को प्रोत्साहित करने की जरूरत है. चावल के निर्यात पर जो प्रतिबंध लगाया गया है वो पंजाब के किसानों के हित में नहीं है. इससे पाकिस्तान के किसानों को फायदा हुआ है.” रमेश ने कहा कि कांग्रेस पार्टी ने गारंटी दी है कि वह कृषि उत्पादों के आयात और निर्यात के संबंध में ठोस कानून बनाएगी. उन्होंने कहा कि किसानों एवं किसान संगठनों से बातचीत के बाद ही आयात-निर्यात नीति बनाई जाएगी.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu