छत्तीसगढ़ में किसानों के घर हो रही धन वर्षा : मध्यप्रदेश के सीएम डॉ. मोहन यादव

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Tue, 12 Mar 2024 11:08 PM
छत्तीसगढ़ में किसानों के घर हो रही धन वर्षा : मध्यप्रदेश के सीएम डॉ. मोहन यादव
ऑडियो सुनें

रायपुर. मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि ऐसा लग रहा है आज मानों छत्तीसगढ़ में धन की बरसात हो रही है. उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की एक और गारन्टी आज पूरी हुई. किसानों को आदान सहायता देने में छत्तीसगढ़ में जो कार्य हुआ है वह किसी अन्य राज्य में नहीं किया गया है. डॉ. यादव आज राजनांदगंाव जिले में कृषक उन्नति योजना के तहत आदान सहायता राशि वितरण और किसान मेला को सम्बोधित कर रहे थे. कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ विधानसभा के अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह, सांसद संतोष पाण्डेय सहित अनेक जनप्रतिनिधि शामिल हुए.

मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने राजनांदगांव से वर्चुअल रूप से जुड़कर मुख्यमंत्री के मुख्य आतिथ्य में बालोद में आयोजित राज्य स्तरीय कृषक उन्नति योजना के कार्यक्रम को भी सम्बोधित किया. विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने कहा कि आज छत्तीसगढ़ के लिए ऐतिहासिक दिन है. कृषक उन्नति योजना अंतर्गत किसानों से समर्थन मूल्य पर खरीदे गए धान के अंतर की राशि का भुगतान किया जा रहा है. उन्होंने कहा कि इस योजना से किसानों के जीवन में परिवर्तन आयेगा.

सांसद संतोष पाण्डेय ने कहा कि राज्य सरकार ने अपना वादा निभाते हुए महतारी वंदन योजना लागू की है, जिससे महिलाओं को सम्मान मिला है. इससे महिलाओं में अपूर्व उत्साह एवं खुशी देखने को मिल रही है. प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा किसानों को सम्मान देने के लिए किसान सम्मान निधि योजना शुरू की गई है. मुख्यमंत्री विष्णु देव साय द्वारा कृषक उन्नति योजना के तहत समर्थन मूल्य पर खरीदे गए धान के अंतर की राशि किसानों के खाते में अंतरित की जा रही है.

उल्लेखनीय है कि मुख्यमंत्री विष्णु देव साय द्वारा आज बालोद में आयोजित कृषक उन्नति योजना का शुभारंभ कर खरीफ वर्ष 2023-24 में राज्य के लगभग 24 लाख 72 हजार किसानों से समर्थन मूल्य पर खरीदे गए धान के अंतर की राशि 13,320 करोड़ रूपए का भुगतान किसानों के बैंक खाते में अंतरित की गई. कृषक उन्नति योजना के तहत राज्य के किसानों से समर्थन मूल्य पर खरीदे गए धान के प्रति क्विंटल 917 रूपए के मान से अंतर की राशि किसानों के बैंक खाते में अंतरित की गई.

कृषक उन्नति योजना अंतर्गत 12 मार्च 2024 को राजनांदगांव जिले के 1 लाख 23 हजार 131 किसानों को उपार्जित धान के अंतर की राशि 638 करोड़ 23 लाख 84 हजार रूपए की राशि डीबीटी के माध्यम से किसानों के बैंक खाते में अंतरित की गई. कार्यक्रम में विधायक राजेश मूणत, जिला पंचायत अध्यक्ष गीता साहू, पूर्व सांसद अभिषेक सिंह, पूर्व सांसद मधुसूदन यादव, पूर्व सांसद प्रदीप गांधी, पूर्व विधायक विनोद खाण्डेकर, जिला पंचायत उपाध्यक्ष विक्रांत सिंह सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, किसान एवं जनसामान्य उपस्थित थे.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu