देश में दिखा रमज़ान के महीने का चांद, मंगलवार को पहला रोज़ा

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Mon, 11 Mar 2024 09:55 PM
देश में दिखा रमज़ान के महीने का चांद, मंगलवार को पहला रोज़ा
ऑडियो सुनें

नयी दिल्ली. दिल्ली समेत देश के कई हिस्सों में सोमवार शाम को इस्लाम के पवित्र महीने रमज़ान के चांद का दीदार हो गया और पहला रोज़ा मंगलवार को होगा. चांद दिखने के साथ ही देश की अलग-अलग मस्जिदों में रमज़ान के महीने की विशेष नमाज़ ‘तारावाही’ का भी आगाज़ हो गया है.

चांदनी चौक स्थित फतेहपुरी मस्जिद के शाही इमाम मौलाना मुफ्ती मुकर्रम अहमद ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया कि दिल्ली के अलावा हरियाणा के गुरुग्राम, राजस्थान के जयपुर और अलवर, उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद, बरेली, बिहार के पटना और कई अन्य शहरों में भी रमज़ान के महीने का चांद देखा गया है और पहला रोज़ा मंगलवार को होगा. इस बार रोज़ा करीब 13 घंटे का होगा.

जमीयत उलेमा-ए-हिंद से संबंधित इमारत-ए-शरीया-हिंद ने भी एक बयान में इस्लामी कलेंडर के नौवें महीने रमज़ान का चांद दिखने की पुष्टि की. बयान के मुताबिक, रमज़ान के महीने की पहली तारीख मंगलवार 12 मार्च होगी. हाल में दिल्ली स्थित जामा मस्जिद के शाही इमाम बनाए गए सैयद शाबान बुखारी ने यहां कहा कि सोमवार को माह-ए-रमज़ान का चांद नज़र आ गया है और ह्ल ऐलान किया जाता है कि मंगलवार को रमज़ान-उल-मुबारक की पहली तारीख होगी.ह्व इस्लामी कैलेंडर का मौजूदा महीना ‘शाबान’ 29 दिन का रहा है. इस्लामी कैलेंडर के मुताबिक, महीना 29 या 30 दिन का होता है जो चांद दिखने पर निर्भर करता है.

रमज़ान का चांद दिखने के बाद अगले दिन से पवित्र महीने का आगाज़ हो जाता है और अगले 30 दिन तक मुस्लिम समुदाय के सदस्य सूरज निकलने से लेकर सूर्यास्त तक कुछ नहीं खाते-पीते हैं. वे ज्यादा से ज्यादा समय अल्लाह की इबादत में लगाते हैं. शाम में मस्जिदों में विशेष नमाज़ अदा की जाती है जिसे ‘ताराहवी’ कहा जाता है. इस नमाज़ में पूरे कुरान का पाठ किया जाता है. यह सिलसिला ईद का चांद दिखने तक जारी रहता है. इस बार ईद 10 या 11 अप्रैल को पड़ सकती है.

इससे पहले रविवार को सऊदी अरब व कई पश्चिमी देशों ने सोमवार से रमज़ान के महीने की शुरुआत होने का ऐलान किया था.
दक्षिण और पूर्वी एशिया के कई देशों में रमज़ान का महीना सऊदी अरब से एक दिन बाद शुरू होता है यानी इन देशों में मंगलवार से पवित्र महीने का आगाज़ होगा.

प्रधानमंत्री मोदी ने रमजान पर देशवासियों को दी बधाई

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने सोमवार को रमजान की पूर्व संध्या पर देशवासियों को बधाई दी. उन्होंने एक्स पर एक पोस्ट में कहा, “सभी को रमजान की शुभकामनाएं. मेरी कामना है कि यह पवित्र महीना सभी के जीवन में खुशियां, अच्छा स्वास्थ्य और समृद्धि लाए.” रमजान का पवित्र महीना मंगलवार से शुरू हो रहा है क्योंकि सोमवार को देश के विभिन्न हिस्सों में रमजान का चांद देखा गया.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu