
जम्मू: ‘बम बम भोले’ के जयकारों के बीच 4,800 से अधिक तीर्थयात्रियों का 18वां जत्था सोमवार को तड़के अमरनाथ यात्रा में शामिल होने के वास्ते कश्मीर के दो आधार शिविरों के लिए जम्मू से रवाना हुआ। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
इस दौरान केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) के जवान उन्हें सुरक्षा मुहैया करा रहे थे। अधिकारियों के अनुसार, 4,875 तीर्थयात्री सुबह करीब तीन बजे 162 वाहनों में कश्मीर के बालटाल और पहलगाम आधार शिविरों के लिए रवाना हुए। तीर्थयात्रियों में 3,464 पुरुष, 1,333 महिलाएं, 14 बच्चे और 64 साधु शामिल हैं।
अधिकारियों ने बताया कि 2,957 तीर्थयात्रियों ने 48 किलोमीटर लंबे पारंपरिक पहलगाम रास्ते से यात्रा की, जबकि 1,918 तीर्थयात्रियों ने अपेक्षाकृत छोटे (14 किलोमीटर) लेकिन कठिन बालटाल मार्ग को यात्रा के लिए चुना।
उप राज्यपाल मनोज सिन्हा द्वारा 28 जून को पहले जत्थे को झंडी दिखा कर रवाना किए जाने के बाद से जम्मू से अब तक 96,072 श्रद्धालु अमरनाथ यात्रा के लिए रवाना हो चुके हैं।
अमरनाथ की 52 दिन की यात्रा औपचारिक रूप से 29 जून को शुरू हुई थी और इसका समापन 19 अगस्त को होगा। पिछले साल 4.5 लाख से अधिक तीर्थयात्रियों ने अमरनाथ गुफा मंदिर में पूजा-अर्चना की थी।



