दो साल के बच्चे की मां दीप्ति डब्ल्यूपीएल से दूसरों को करेंगी प्रेरित

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Mon, 27 Feb 2023 07:37 PM
ऑडियो सुनें

मुंबई. दिग्गज स्मृति मंधाना के साथ अंतरराष्ट्रीय करियर का आगाज करने वाली दायें हाथ की बल्लेबाज स्रेहा दीप्ति का करियर उनकी तरह परवान नहीं चढ़ा लेकिन दो साल की बिटिया की इस मां को उम्मीद है कि महिला प्रीमियर लीग (डब्ल्यूपीएल) उन्हें एक बार फिर से भारत टीम में जगह बनाने का मौका मिलेगा.

आंध्र की इस खिलाड़ी ने 2013 में बांग्लादेश के खिलाफ भारत के लिए पदार्पण किया था लेकिन वह दो टी20 अंतरराष्ट्रीय और एक महिला एकदिवसीय मैच खेलने के बाद राष्ट्रीय टीम से बाहर हो गयी. उन्होंने हालांकि घरेलू मैचों में आंध्र का प्रतिनिधित्व करना जारी रखा. उन्होंने राज्य के लिए अपना पिछला मैच नवंबर 2021 में खेला था.

जब डब्ल्यूपीएल की नीलामी की घोषणा हुई तब दीप्ति ने अपनी किस्मत आजमाने का फैसला किया और इस 26 साल की खिलाड़ी के लिए दिल्ली कैपिटल्स ने 30 लाख रुपये की बोली लगायी. दो साल की बेटी कृवा की मां दीप्ति ने चार मार्च से शुरू होने वाले डब्ल्यूपीएल के लिए दिल्ली की फ्रेंचाइजी के साथ अभ्यास शुरू कर दिया है.

दिल्ली कैपिटल्स टीवी पर जारी वीडियो में दीप्ति ने कहा, ‘‘बेटी को घर पर छोड़कर यहां आना मेरे लिए काफी मुश्किल था लेकिन करियर को प्राथमिकता और दूसरे को प्रेरणा देने के लिए मैंने ऐसा करने का फैसला किया. उन्होंने कहा, ‘‘ जब मैं मुंबई स्थित टीम होटल के लिए रवाना हो रही थी तो वह रोने लगी. ऐसे में मैं सोचने लगी कि मैं जाऊं या नहीं.’’

उन्होंने कहा, ‘‘ मेरे लिए क्रिकेट और परिवार दोनों अहम हैं. मुझे लगा कि अगर इतनी दूर तक सफर तय किया है तो मुझे आगे बढ़ना चाहिये. मुझे खेल का पूरा लुत्फ उठाना होगा. मुझे पता है कि अगर मैंने यहां अच्छा प्रदर्शन किया तो यह मेरे लिए नये रास्ते खोल देगा. ’’ उन्होंने कहा, ‘‘ कृवा को घर पर छोड़ना मुश्किल था लेकिन मेरे पति ने कहा कि वह बिटिया का ख्याल रखेंगे. ’’

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu