फोर्ब्स की सूची में मुकेश अंबानी दुनिया के नौवें सबसे अमीर व्यक्ति, अडाणी 17वें स्थान पर

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Wed, 03 Apr 2024 08:24 PM
फोर्ब्स की सूची में मुकेश अंबानी दुनिया के नौवें सबसे अमीर व्यक्ति, अडाणी 17वें स्थान पर
ऑडियो सुनें

नयी दिल्ली. रिलायंस इंडस्ट्रीज लिमिटेड (आरआईएल) के प्रमुख मुकेश अंबानी सबसे अमीर भारतीय बने हुए हैं. ‘फोर्ब्स’ की दुनिया के अरबपतियों की सूची में अंबानी शीर्ष 10 में आ गए हैं. वह दुनिया के नौवें सबसे अमीर व्यक्ति हैं. रिलायंस इंडस्ट्रीज का कारोबार तेल से लेकर दूरसंचार क्षेत्र में फैला हुआ है. फोर्ब्स के अनुसार, अंबानी (66) की संपत्तियां 116 अरब डॉलर की हैं. इससे पिछले साल यानी 2023 में उनकी संपत्तियों का मूल्य 83.4 अरब डॉलर था.

गौतम अडाणी दूसरे सबसे अमीर भारतीय हैं और वैश्विक सूची में 17वें स्थान पर हैं. उनकी संपत्ति 84 अरब डॉलर है. 2023 में अमेरिकी शॉर्ट सेलर हिंडनबर्ग रिसर्च की एक रिपोर्ट जारी होने के बाद एक समय उनकी संपत्ति 2022 के 90 अरब डॉलर से घटकर 47.2 अरब डॉलर रह गई थी. अडाणी समूह ने हालांकि सभी आरोपों का खंडन किया था. फोर्ब्स 2024 की अमीरों की सूची में 2,781 लोगों को शामिल किया गया है. इसमें पिछले साल से 141 लोग ज्यादा हैं. सूची के अनुसार, दुनिया के अमीर अब और अमीर हो गए हैं. उनकी कुल संपत्तियां 14.2 लाख करोड़ डॉलर हैं, जो 2023 से दो लाख करोड़ डॉलर अधिक है.

सूची में शामिल दो-तिहाई अमीरों की संपत्तियां एक साल की तुलना में बढ़ी हैं. वहीं एक-चौथाई की संपत्तियां घटी हैं. फैशन और सौंदर्य प्रसाधन क्षेत्र की दिग्गज कंपनी एलवीएमएच के बर्नार्ड अरनॉल्ट 233 अरब डॉलर की संपत्ति के साथ सूची में शीर्ष पर हैं. इनके बाद 195 अरब डॉलर के साथ एलन मस्क और 194 अरब डॉलर के साथ अमेजन के जेफ बेजोस का स्थान है. इनके बाद फेसबुक के संस्थापक मार्क जुकरबर्ग के पास 177 अरब डॉलर की संपत्ति है. सबसे ज्यादा 813 अरबपति अमेरिका में हैं. इसके बाद चीन में 473 अरबपति हैं. भारत में अरबपतियों की संख्या पिछले साल से 31 बढ़कर 200 हो गई है.

फोर्ब्स ने कहा, ह्लनिवल संपत्ति की गणना करने के लिए हमने आठ मार्च, 2024 से स्टॉक की कीमतों और विनिमय दरों का उपयोग किया.ह्व वैश्विक अरबपतियों की सूची में शामिल अन्य भारतीयों में आईटी दिग्गज और एचसीएल के सह-संस्थापक शिव नादर 36.9 अरब डॉलर की संपत्ति के साथ 39वें स्थान पर, जिंदल समूह की सावित्री जिंदल एवं परिवार 33.5 अरब डॉलर की संपत्ति के साथ 46वें स्थान पर, सन फार्मा के दिलीव सांघवी 26.7 अरब डॉलर की संपत्ति के साथ 69वें स्थान पर, वैक्सीन बनाने वाले साइरस पूनावाला 21.3 अरब डॉलर के साथ 90वें स्थान पर, रियल एस्टेट कारोबारी कुशल पाल सिंह 20.9 अरब डॉलर के साथ 92वें स्थान पर है.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu