मुकेश अंबानी दोहा में ट्रंप से करेंगे मुलाकात, रात्रिभोज में होंगे शामिल

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Wed, 14 May 2025 08:12 PM
मुकेश अंबानी दोहा में ट्रंप से करेंगे मुलाकात, रात्रिभोज में होंगे शामिल
ऑडियो सुनें

नयी दिल्ली. एशिया के सबसे अमीर उद्योगपति और रिलायंस इंडस्ट्रीज के चेयरमैन मुकेश अंबानी बुधवार को अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप से मिलने के लिए दोहा जा रहे हैं. यह इस साल जनवरी में ट्रंप के पद संभालने के बाद उनकी दूसरी मुलाकात होगी. सूत्रों ने कहा कि अंबानी कतर के अमीर द्वारा ट्रंप के सम्मान में आयोजित राजकीय रात्रिभोज में शामिल होंगे. यह रात्रिभोज दोहा के लुसैल पैलेस में आयोजित होगा.

रिलायंस इंडस्ट्रीज लिमिटेड ने इस संदर्भ में टिप्पणी के लिए भेजे गए ईमेल का जवाब नहीं दिया. हालांकि, किसी तरह की व्यापारिक चर्चाएं होने की संभावना नहीं है लेकिन रिलायंस समूह के तेल से लेकर खुदरा कारोबार तक अमेरिकी राष्ट्रपति के निर्णयों से प्रभावित होते हैं. रिलायंस ने पिछले साल वेनेजुएला से कच्चे तेल का आयात दोबारा शुरू करने के लिए अमेरिका से छूट हासिल की थी. हालांकि, वेनेजुएला से तेल खरीदने वाले देशों पर 25 प्रतिशत शुल्क लगाने के ट्रंप के आदेश के बाद मार्च में इसे रोकना पड़ा था. रिलायंस अमेरिकी बाजार में रूस जैसे देशों से खरीदे गए कच्चे तेल से बने ईंधन भी बेचती है.

साथ ही गूगल और मेटा जैसी दिग्गज अमेरिकी कंपनियों ने अंबानी के डिजिटल उद्यम में इक्विटी हिस्सेदारी ली है. रिलायंस के कतर के साथ भी व्यापारिक संबंध हैं. खाड़ी देश के सरकारी कोष कतर इन्वेस्टमेंट अथॉरिटी ने अंबानी के खुदरा उद्यम में लगभग एक अरब डॉलर का निवेश किया है. अंबानी और उनकी पत्नी नीता जनवरी में ट्रंप के दूसरे शपथ ग्रहण समारोह में शामिल हुए थे. वे उन चुनिंदा 100 लोगों में भी शामिल थे, जिन्होंने शपथ ग्रहण से एक दिन पहले ट्रंप के साथ एक रात्रिभोज में शिरकत की थी.

अंबानी के ट्रंप परिवार के साथ घनिष्ठ संबंध हैं. जब ट्रंप की बेटी इवांका ट्रंप 2017 में ग्लोबल एंटरप्रेन्योरशिप समिट के लिए हैदराबाद आई थीं, तब अंबानी भी वहां मौजूद थे. अंबानी उस समय भी मौजूद थे जब ट्रंप फरवरी, 2020 में अमेरिकी राष्ट्रपति के तौर पर भारत यात्रा पर आए थे. इवांका, उनके पति जेरेड कुशनर और उनकी सबसे बड़ी बेटी अरबेला रोज. मार्च, 2024 में गुजरात के जामनगर में अंबानी के सबसे छोटे बेटे अनंत और मंगेतर राधिका मर्चेंट की शादी से पहले आयोजित समारोह में शामिल हुए थे.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu