नड्डा मुंबई में गणेश पंडाल पहुंचे, कहा: मोदी के नेतृत्व में भारत की प्रगति के लिए कामना की

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Sun, 31 Aug 2025 08:25 PM
नड्डा मुंबई में गणेश पंडाल पहुंचे, कहा: मोदी के नेतृत्व में भारत की प्रगति के लिए कामना की
ऑडियो सुनें

मुंबई. भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के अध्यक्ष जेपी नड्डा ने रविवार को कहा कि उन्होंने यहां एक गणेश पंडाल का दौरा किया और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में देश की प्रगति के लिए आशीर्वाद मांगा. नड्डा ने पत्रकारों से कहा, ”हम सभी जानते हैं कि भगवान गणेश ज्ञान के देवता हैं और जीवन में आने वाली बाधाओं को दूर करते हैं. गणेश उत्सव के दौरान शहर की यात्रा करना मेरे लिए सौभाग्य की बात है.” महाराष्ट्र के मंत्री मंगल प्रभात लोढ़ा, भाजपा की प्रदेश इकाई के अध्यक्ष रवींद्र चव्हाण और पार्टी की मुंबई इकाई के प्रमुख अमित साटम उनके साथ थे.

नड्डा ने कहा कि लोकमान्य तिलक ने 1893 में गणेश उत्सव के दौरान सार्वजनिक समारोह आयोजित करने की शुरुआत की थी, जिसने बाद में स्वतंत्रता आंदोलन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई. उन्होंने कहा, ”अब इसके 133 वर्ष पूरे हो गए हैं. प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में हम एक आत्मनिर्भर, मजबूत, सुरक्षित, समृद्ध और विकसित भारत बनाने की ओर बढ़ रहे हैं. मैंने भगवान गणेश से बाधाओं को दूर करने और इन लक्ष्यों को प्राप्त करने के लिए हमें शक्ति प्रदान करने का आशीर्वाद मांगा.”

बाद में नड्डा ने ‘एक्स’ पर लिखा, ”गणेश उत्सव के पावन अवसर पर, आज मुझे मुंबई के चंद्रलोक गणपति मंडल में विघ्नहर्ता के दर्शन करने का सौभाग्य प्राप्त हुआ.” उन्होंने कहा, ”इस अवसर पर मैंने भी आम जनता और कार्यकर्ताओं के साथ प्रधानमंत्री जी के 125वें ‘मन की बात’ कार्यक्रम को सुना.” नड्डा ने महाराष्ट्र के राज्यपाल सीपी राधाकृष्णन से उनके सरकारी आवास राजभवन में शिष्टाचार भेंट की. उन्होंने राजभवन में स्थापित भगवान गणेश के दर्शन किए. बयान के अनुसार, दोनों ने राजभवन में क्रांतिकारियों के भूमिगत बंकर संग्रहालय ‘क्रांतिगाथा’ की यात्रा की.

बाद में, भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नड्डा मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस और राज्य मंत्री आशीष शेलार के साथ लालबागचा राजा पंडाल पहुंचे. फडणवीस ने सोशल मीडिया पर कहा कि उन्होंने और नड्डा ने दादर स्थित बीएपीएस श्री स्वामीनारायण मंदिर में दर्शन किए और आशीर्वाद लिया. मुख्यमंत्री ने कहा, ”हमने सभी की सुख-समृद्धि के लिए प्रार्थना की.” इससे पहले, उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य रविवार को मुंबई के मालाबार हिल स्थित फडणवीस के आधिकारिक आवास ‘वर्षा’ पहुंचे थे.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu