‘आप’ को रोकने के लिए आबकारी नीति में आतिशी, सौरभ भारद्वाज के नाम उछाले गए: जैस्मीन शाह

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Mon, 01 Apr 2024 07:45 PM
‘आप’ को रोकने के लिए आबकारी नीति में आतिशी, सौरभ भारद्वाज के नाम उछाले गए: जैस्मीन शाह
ऑडियो सुनें

नयी दिल्ली. आम आदमी पार्टी (आप) के एक नेता ने कहा है कि कथित आबकारी नीति घोटाले के संबंध में दिल्ली के मंत्रियों आतिशी और सौरभ भारद्वाज के नामों का हवाला दिया जा रहा है क्योंकि भाजपा को लगता है कि केवल मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को जेल भेजना ‘आप’ को रोकने के लिए पर्याप्त नहीं होगा.

‘आप’ नेता जैस्मीन शाह ने सोमवार को संवाददाता सम्मेलन में कहा कि केजरीवाल मुख्यमंत्री बने रहेंगे चाहे उन्हें कितने भी समय तक जेल में रखा जाए क्योंकि उन्होंने दिल्ली के लोगों की सेवा करने की संवैधानिक शपथ ली है. उन्होंने कहा, ”अभी तक सुनवाई नहीं हुई है, दोषसिद्धि की बात तो रहने दीजिए. मुख्यमंत्री के रूप में संवैधानिक शपथ के तहत दिल्ली की जनता की सेवा करना उनका संवैधानिक अधिकार और कर्तव्य है. केजरीवाल को चाहे जितने समय तक जेल में रखा जाए, वह दिल्ली के मुख्यमंत्री रहेंगे.”

जैस्मीन शाह ने दावा किया, ”हमारे दो वरिष्ठ नेता जो दिल्ली सरकार में मंत्री हैं – आतिशी और सौरभ भारद्वाज का नाम सामने आया है क्योंकि भाजपा को एहसास हो गया है कि अकेले केजरीवाल को जेल भेजने से ‘आप’ नहीं रुकेगी और अन्य नेताओं के लिए तैयारी करने की जरूरत है.” डेढ. साल पहले जब विजय नायर को गिरफ्तार किया गया था, तब उन्होंने कहा था कि वह मुख्यमंत्री को रिपोर्ट नहीं करते थे और वह आतिशी और भारद्वाज को रिपोर्ट करते थे. उन्होंने कहा, ”डेढ. साल बाद ईडी यह बात क्यों उठा रही है जबकि उसके पास लिखित बयान है.” ईडी ने अदालत में अपने रिमांड आवेदन में कहा कि केजरीवाल से हिरासत में पूछताछ के दौरान उन्होंने टालमटोल वाले जवाब दिए और जानकारी छिपाई.

भाजपा का एकमात्र उद्देश्य लोकसभा चुनाव के दौरान केजरीवाल को जेल में रखना : सुनीता केजरीवाल

दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल की पत्नी सुनीता केजरीवाल ने सोमवार को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर आरोप लगाया कि उसका एकमात्र उद्देश्य लोकसभा चुनाव के दौरान उनके पति को जेल में रखना है. आम आदमी पार्टी (आप) के राष्ट्रीय संयोजक केजरीवाल को 21 मार्च को गिरफ्तार किया गया था और बाद में प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) की हिरासत में भेज दिया गया था. उन पर कुछ व्यक्तियों को लाभ पहुंचाने के लिए अब समाप्त हो चुकी आबकारी नीति बनाने से संबंधित साजिश में सीधे तौर पर शामिल होने का आरोप है.

एक स्थानीय अदालत ने सोमवार को केजरीवाल को 15 अप्रैल तक न्यायिक हिरासत में भेज दिया. राउज एवेन्यू अदालत से बाहर निकलते समय सुनीता केजरीवाल ने संवाददाताओं से कहा, ”उनसे (अरविंद केजरीवाल से) 11 दिनों तक पूछताछ की गई, पूछताछ पूरी हो गई है. अदालत ने उन्हें दोषी नहीं ठहराया है. उन्हें जेल में क्यों रखा गया है?” उन्होंने कहा,”उनका (भाजपा) एक ही उद्देश्य है – लोकसभा चुनाव से पहले उन्हें (अरविंद केजरीवाल) जेल में डालना. देश की जनता इस तानाशाही का जवाब देगी.”

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu