नारायण का शतक, नाइट राइडर्स ने रॉयल्स को 224 रन का लक्ष्य दिया

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Tue, 16 Apr 2024 09:41 PM
नारायण का शतक, नाइट राइडर्स ने रॉयल्स को 224 रन का लक्ष्य दिया
ऑडियो सुनें

कोलकाता. सुनील नारायण के पहले टी20 शतक से कोलकाता नाइट राइडर्स ने इंडियन प्रीमियर लीग में मंगलवार को यहां राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ छह विकेट पर 223 रन बनाए. नारायण ने ताबड़तोड़ बल्लेबाजी करते हुए 56 गेंद में छह छक्कों और 13 चौकों से 109 रन की पारी खेली. उन्होंने अंगकृष रघुवंशी (30) के साथ दूसरे विकेट के लिए 85 रन की साझेदारी करके नाइट राइडर्स के बड़े स्कोर का मंच तैयार किया. इन दोनों के बाद 21 अतिरिक्त रन टीम की ओर तीसरा सर्वोच्च स्कोर रहा. रिंकू सिंह (नौ गेंद में नाबाद 20, दो छक्के, एक चौका) ने अंत में तेजतर्रार पारी खेली.

रॉयल्स की ओर से आवेश खान (35 रन पर दो विकेट) और कुलदीप सेन (46 रन पर दो विकेट) ने दो-दो विकेट चटकाए. टीम के दोनों स्पिनर रविचंद्रन अश्विन (चार ओवर में बिना विकेट के 49 रन) और युजवेंद्र चहल (चार ओवर में 54 रन पर एक विकेट) काफी महंगे साबित हुआ.

रॉयल्स के कप्तान संजू सैमसन ने टॉस जीतकर नाइट राइडर्स को बल्लेबाजी का न्योता दिया. मेजबान टीम ने सतर्क शुरुआत की जिसके बाद नारायण ने कई बड़े शॉट खेले. मैच की दूसरी गेंद पर ही फिल सॉल्ट भाग्यशाली रहे जब ट्रेंट बोल्ट (31 रन पर एक विकेट) की गेंद पर प्वाइंट पर रियान पराग ने बेहद आसान कैच टपका दिया. सॉल्ट हालांकि इसका फायदा नहीं उठा पाए और 10 रन बनाने के बाद आवेश खान की गेंद पर उन्हीं को कैच दे बैठे.

रघुवंशी ने बोल्ट के ओवर में तीन चौकों के साथ तेवर दिखाए जबकि नारायण ने कुलदीप सेन की लगातार गेंदों पर छक्का और चौका मारा. नाइट राइडर्स ने पावर प्ले में एक विकेट पर 56 रन बनाए. नारायण ने दिग्गज स्पिनर रविचंद्रन अश्विन का स्वागत लगातार दो चौकों के साथ किया और फिर युजवेंद्र चहल पर भी छक्का जड़ा. बाएं हाथ के इस बल्लेबाज ने अश्विन पर छक्के के साथ सिर्फ 29 गेंद में अर्धशतक जड़ा और फिर अगली गेंद पर एक रन के साथ 10 वें ओवर में टीम के रनों का शतक पूरा किया. सेन ने रघुवंशी को डीप थर्ड मैन पर अश्विन के हाथों कैच कराके इस साझेदारी को तोड़ा.

नारायण पर हालांकि इस विकेट का कोई असर नहीं पड़ा और उन्होंने अश्विन के अगले ओवर में दो चौकों और एक छक्के से 15 रन बटोरे. कप्तान श्रेयस अय्यर (11) ने भी चहल पर छक्का जड़ा लेकिन अगली गेंद पर पगबाधा हो गए. आंद्रे रसेल ने सेन पर चौके के साथ 15वें ओवर में टीम का स्कोर 150 रन के पार पहुंचाया. नारायण ने चहल की लगातार गेंदों पर दो छक्कों और दो चौकों के साथ सिर्फ 49 गेंद में शतक पूरा किया.

रसेल (13) हालांकि अगले ओवर में आवेश की गेंद पर ध्रुव जुरेल को आसान कैच दे बैठे. बोल्ट ने 18वें ओवर में नारायण को यॉर्कर पर बोल्ड किया. रिंकू सिंह ने आवेश की लगातार गेंदों पर छक्के और चौके के साथ 19वें ओवर में टीम के रनों का दोहरा शतक पूरा किया और फिर अंतिम ओवर में सेन पर भी छक्का मारा.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu