‘डेमोक्रेसी’ को ‘डेमो-कुर्सी’ बनाना चाहते हैं नरेन्द्र मोदी: कांग्रेस

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Wed, 05 Jun 2024 08:44 PM
‘डेमोक्रेसी’ को ‘डेमो-कुर्सी’ बनाना चाहते हैं नरेन्द्र मोदी: कांग्रेस
ऑडियो सुनें

नयी दिल्ली. कांग्रेस ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के इस्तीफे के बाद उन पर निशाना साधते हुए बुधवार को कहा कि देश ने मोदी के खिलाफ जनादेश दिया, लेकिन वह ‘डेमोक्रेसी’ (लोकतंत्र) को ‘डेमो-कुर्सी’ बनाना चाहते है. पार्टी महासचिव जयराम रमेश ने 1962 के बाद किसी सरकार के तीसरी बार सत्ता में लौटने के प्रधानमंत्री मोदी की टिप्पणी लेकर भी उन पर कटाक्ष किया और कहा कि पंडित जवाहरलान नेहरू 1952 में 364 सीटों के साथ, 1957 में 371 सीटों के साथ और 1962 में 361 सीटों के साथ प्रधानमंत्री चुने गए थे. प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने बुधवार को अपना इस्तीफा राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू को सौंप दिया, जिसे राष्ट्रपति ने स्वीकार कर लिया और उनसे नयी सरकार के कार्यभार संभालने तक पद पर बने रहने को कहा.

रमेश ने ‘एक्स’ पर पोस्ट किया, ”निवर्तमान प्रधानमंत्री अब कार्यवाहक प्रधानमंत्री बन चुके हैं. देश ने इनके ख.लिाफ. प्रचंड जनादेश दिया है. लेकिन ये डेमोक्रेसी को ‘डेमो-कुर्सी’ बनाना चाहते हैं.” उन्होंने एक अन्य पोस्ट में कहा, ”कार्यवाहक प्रधानमंत्री अपनी सिकुड़ी हुई छाती ठोक रहे हैं और दावा कर रहे हैं कि 1962 के बाद से कोई भी सरकार लगातार तीन बार दोबारा नहीं चुनी गई है. इतिहास जिसे ‘मास्टर डिस्टॉर्टियन’ भी दोबारा नहीं लिख सकते, वह यह है कि नेहरू 1952 में 364 सीटों के साथ, 1957 में 371 सीटों के साथ और 1962 में 361 सीटों के साथ प्रधानमंत्री चुने गए थे.” रमेश ने कहा, ”नरेन्द्र मोदी को 2024 में 240 सीटें मिली हैं. यह उनके खिलाफ एक बड़ा जनादेश है. लेकिन वह इस जनादेश को बर्बाद करने पर आमादा हैं.”

भाजपा की ‘बी टीम’ से अब पुरानी टीम हो गई हैं बीजद और वाईएसआर : कांग्रेस

कांग्रेस ने ओडिशा में बीजू जनता दल (बीजद) और आंध्र प्रदेश में वाईएसआर कांग्रेस पार्टी की करारी शिकस्त को लेकर तंज कसते हुए बुधवार को कहा कि भारतीय जनता पार्टी की ये दोनों ‘बी टीम’ अब पुरानी टीम हो गई हैं. पार्टी महासचिव जयराम रमेश ने यह दावा भी किया कि ‘हम दो’ पर भरोसा करने वाले क्षेत्रीय दलों के साथ यही होता है.

रमेश ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर पोस्ट किया, ”पिछले 10 वर्षों में बीजद संसद में भाजपा की बी-टीम थी. इसने हर मुद्दे पर नरेन्द्र मोदी का समर्थन किया. पिछले 10 वर्षों में वाईएसआर कांग्रेस पार्टी भाजपा की एक और बी टीम थी. इसने भी हर मुद्दे पर नरेन्द्र मोदी का साथ दिया.” उन्होंने कटाक्ष करते हुए कहा कि वे दोनों अब ‘बी टीम’ से पुरानी टीम हो गई हैं. कांग्रेस नेता ने दावा किया, ”उन जैसे ‘हम दो’ पर भरोसा करने वाले क्षेत्रीय दलों के साथ यही होता है, जिन्हें कल नैतिक और राजनीतिक रूप से अपमानजनक हार का सामना करना पड़ा है.”

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu