नवभारत रिपोर्टर
बिलासपुर. आल इंडिया नवभारत-सेंट्रल क्रॉनिकल व एसईसीएल फुटबॉल टूर्नामेंट 2026 के पांचवें दिन सोमवार को नार्थ ईस्ट इंस्टीट्यूट रेलवे फुटबॉल ग्राउंड में फुटबॉल का रोमांच अपने चरम पर रहा। मैदान पर खिलाड़ियों के शानदार प्रदर्शन के साथ दर्शकों को दो मुकाबलों में अलग-अलग तरह का रोमांच देखने को मिला। पहले मैच में जहां तमिलनाडु पुलिस ने दमदार खेल का प्रदर्शन करते हुए ब्रह्मविद एफए रायपुर को 2-0 से शिकस्त दी, वहीं दूसरे मुकाबले में एसीबी कोरबा और एससी झारखंड के बीच कड़ा संघर्ष देखने को मिला। मुकाबला 1-1 की बराबरी पर समाप्त हुआ, लेकिन बेहतर अंक स्थिति के आधार पर झारखंड ने सेमीफाइनल में जगह बना ली।
तमिलनाडु पुलिस ने रायपुर को दी करारी शिकस्त
दिन के पहले मुकाबले में ब्रह्मविद एफए रायपुर और तमिलनाडु पुलिस की टीमें आमने-सामने थीं। शुरुआत से ही दोनों टीमों ने आक्रामक फुटबॉल खेली और एक-दूसरे के गोलपोस्ट पर लगातार दबाव बनाने का प्रयास किया। हालांकि तमिलनाडु पुलिस के खिलाड़ियों ने मौके का बेहतर फायदा उठाते हुए दो गोल दागे। रायपुर की टीम ने मुकाबले में वापसी की कोशिश की, लेकिन तमिलनाडु पुलिस की मजबूत रक्षापंक्ति के सामने उसके हमले प्रभावी साबित नहीं हुए। निर्धारित समय तक रायपुर की टीम गोल करने में सफल नहीं हो सकी और तमिलनाडु पुलिस ने मुकाबला 2-0 से अपने नाम कर लिया। तमिलनाडु पुलिस के शानदार प्रदर्शन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले खिलाड़ी विजयन को उनके बेहतरीन खेल के लिए मैन आॅफ द मैच चुना गया।

1-1 की बराबरी, अंक तालिका ने तय किया सेमीफाइनलिस्ट
दिन के दूसरे मुकाबले में एसीबी कोरबा और एससी झारखंड के बीच जबरदस्त मुकाबला हुआ। दोनों टीमों ने जीत के लिए पूरा जोर लगाया। मैच के दौरान दोनों ओर से गोल करने के कई प्रयास किए गए और मुकाबला काफी प्रतिस्पर्धी रहा। अंतत: दोनों टीमों ने एक-एक गोल किया और निर्धारित समय के बाद स्कोर 1-1 रहा। बराबरी के कारण दोनों टीमों को एक-एक अंक मिला। हालांकि टूर्नामेंट की अंक तालिका में बेहतर स्थिति में होने का लाभ एससी झारखंड को मिला। अंक तालिका में ऊपर रहने के कारण झारखंड ने सेमीफाइनल में प्रवेश कर लिया, जबकि एसीबी कोरबा का टूर्नामेंट में सफर समाप्त हो गया। झारखंड के गोलकीपर मनीष ने मुकाबले में शानदार प्रदर्शन करते हुए कई महत्वपूर्ण मौकों पर टीम को संकट से बाहर निकाला। उनके प्रभावी प्रदर्शन को देखते हुए उन्हें मैन आफ द मैच के पुरस्कार से सम्मानित किया गया।
बॉक्स
आज सेमीफाइनल में भिड़ेंगी 4 टीमें
आल इंडिया नवभारत-सेंट्रल क्रॉनिकल व एसईसीएल फुटबॉल टूर्नामेंट के छठवें दिन मंगलवार को सेमीफाइनल मुकाबलों का रोमांच देखने को मिलेगा। दिन का पहला सेमीफाइनल मुकाबला दोपहर 1 बजे खेला जाएगा। इसमें दल्लीराजहरा माइंस और स्पोर्ट्स क्लब झारखंड की टीमें आमने-सामने होंगी। दूसरे सेमीफाइनल में तमिलनाडु पुलिस का सामना आरकेएम नारायणपुर से होगा। यह मुकाबला दोपहर 3 बजे शुरू होगा।