
भुवनेश्वर. ओडिशा के मुख्यमंत्री नवीन पटनायक ने आगामी राज्यसभा चुनाव के लिए बीजू जनता दल (बीजद) के चार उम्मीदवारों की रविवार को घोषणा की. बीजद ने तीन नए प्रत्याशियों- सुलता देव, मानस रंजन मंगराज और निरंजन बिशी के नामों की घोषणा की है. इसके अलावा सस्मित पात्रा को दोबारा नामित किया गया है. राज्य में नवीन पटनायक नीत सरकार के पांचवें कार्यकाल की तीसरी वर्षगांठ वाले दिन यह घोषणा की गई.
बीजद अध्यक्ष पटनायक ने राज्य के पश्चिमी क्षेत्र में पार्टी के आदिवासी चेहरे निरंजन बिशी को चुना है जबकि मंगराज तटीय क्षेत्र से हैं और पात्रा ओडिशा अल्पसंख्यक मंच के पूर्व अध्यक्ष हैं. ओडिशा से राज्यसभा के तीन सदस्यों- एन. भास्कर राव, प्रसन्न आचार्य और सस्मित पात्रा का कार्यकाल एक जुलाई को समाप्त होगा जबकि बीजद सदस्य सुभाष ंिसह के इस्तीफे के कारण एक अन्य सीट खाली हुई है. राज्यसभा चुनाव के लिए बीजद के चार उम्मीदवारों में सुलता देव एकमात्र महिला हैं.
इस वर्ष मार्च में कटक नगर निगम का महापौर बनने के बाद सुभाष ंिसह ने राज्यसभा की सदस्यता से त्यागपत्र दे दिया था. वह अप्रैल 2020 में राज्यसभा के लिए चुने गए थे. राज्यसभा की तीन सीट के लिए 10 जून को सुबह नौ बजे से शाम चार बजे तक मतदान होगा. मतगणना उसी दिन शाम पांच बजे होगी. इसके अलावा संसद के उच्च सदन की एक अन्य सीट के लिए उपचुनाव 13 जून को होगा और उसी दिन मतगणना होगी. सत्तारूढ़ बीजद ने यह घोषणा नहीं की है कि सुभाष ंिसह द्वारा खाली की गई राज्यसभा सीट के लिए चार उम्मीदवारों में से कौन उपचुनाव लड़ेगा.
ओडिशा की 147 सदस्यीय विधानसभा में बीजद के 113 विधायक हैं, इसलिए उसके सभी चार सीट पर जीत दर्ज करने की संभावना है. विपक्षी भारतीय जनता पार्टी के 22 जबकि कांग्रेस के नौ विधायक हैं. निरंजन बिशी के नामांकन से पश्चिमी क्षेत्र में पार्टी के आदिवासी समुदाय के नेताओं का एक तबका नाराज है. बिशी ने कहा, “मुझ पर विश्वास करने के लिए मैं मुख्यमंत्री का आभारी हूं और संसद में आदिवासियों के मुद्दों को उठाऊंगा.” पार्टी की घोषणा पर टिप्पणी करते हुए मंगराज ने कहा कि वह 2002 से राजनीति में हैं और राज्य में बीजद सरकार के मीडिया मामलों को देख रहे हैं.
मंगराज ने कहा, “एक मीडियाकर्मी होने के नाते मैं संसद में राज्य के हित में विभिन्न मुद्दों को उठाऊंगा. मैं मुख्यमंत्री को धन्यवाद देता हूं कि उन्होंने मुझे ओडिशा के लोगों की सेवा करने का अवसर दिया है.” बीजद से महिला उम्मीदवार सुलता देव ने कहा कि राज्यसभा चुनाव के लिए बीजद उम्मीदवारों की सूची में अपना नाम आने के बाद वह खुश हैं. उन्होंने कहा, “बीजद सरकार ने हमेशा महिलाओं के विकास के लिए काम किया है. मैं कड़ी मेहनत करूंगी और इसके लिए हमारे संगठन सचिव प्रणब प्रकाश दास को धन्यवाद देती हूं.” सस्मित पात्रा ने कहा कि संसद के उच्च सदन के लिए दोबारा नामित किए जाने पर वह मुख्यमंत्री के ऋणी हैं.



