नवाब मलिक की उम्मीदवारी से ‘महायुति’ पर कोई असर नहीं पड़ेगा: राकांपा अध्यक्ष

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Sun, 03 Nov 2024 08:38 PM
नवाब मलिक की उम्मीदवारी से ‘महायुति’ पर कोई असर नहीं पड़ेगा: राकांपा अध्यक्ष
ऑडियो सुनें

मुंबई. राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) के कार्यकारी अध्यक्ष प्रफुल पटेल ने कहा कि आगामी महाराष्ट्र विधानसभा चुनावों में उनकी पार्टी द्वारा नवाब मलिक को उम्मीदवार बनाए जाने से राज्य में अन्य जगहों पर ‘महायुति’ पर कोई असर नहीं पड़ेगा. मलिक को धन शोधन मामले में गिरफ्तार किया गया था और उन पर गैंगस्टर दाऊद इब्राहिम के करीबी लोगों से संबंध रखने का भी आरोप है. वह राज्य में 20 नवंबर को होने वाले विधानसभा चुनाव के लिए मुंबई की मानखुर्द-शिवाजीनगर सीट से राकांपा के आधिकारिक उम्मीदवार हैं.

पटेल ने गोंदिया में संवाददाताओं से कहा कि मलिक के खिलाफ आरोप अदालत में साबित नहीं हुए हैं. राज्यसभा सदस्य ने कहा, ”वह लंबे समय से हमारे सहयोगी हैं. अगर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) या शिवसेना उनकी उम्मीदवारी का समर्थन नहीं करना चाहतीं या उनके खिलाफ अपना उम्मीदवार खड़ा करना चाहती हैं, तो वे ऐसा कर सकती हैं. हम यह सुनिश्चित करेंगे कि राज्य में कहीं और ‘महायुति’ पर इसका कोई विपरीत असर न पड़े.”

मलिक को दाऊद इब्राहिम और उसके सहयोगी छोटा शकील तथा टाइगर मेमन सहित अन्य के खिलाफ राष्ट्रीय अन्वेषण अभिकरण (एनआईए) द्वारा दर्ज एक मामले में 2022 में गिरफ्तार किया गया था. बाद में चिकित्सीय आधार पर उन्हें जमानत दे दी गई. राकांपा ने मलिक की बेटी सना मलिक को अणुशक्ति नगर सीट से टिकट दिया है. भाजपा ने स्पष्ट किया है कि वह नवाब मलिक के लिए प्रचार नहीं करेगी, लेकिन उनकी बेटी की उम्मीदवारी पर उसे कोई आपत्ति नहीं है.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu