बीजापुर में नक्सलियों ने आईईडी विस्फोट किया, एक व्यक्ति घायल

बीजापुर. छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिले में रविवार को कथित तौर पर नक्सलियों द्वारा किये गये ‘आईईडी’ विस्फोट में 22 वर्षीय एक युवक घायल हो गया. पुलिस ने यह जानकारी दी. नक्सलियों ने दाबयुक्त इम्प्रोवाइज्ड एक्सप्लोसिव डिवाइस (आईईडी) को पहले से ही लगा रखा था. एक अधिकारी ने बताया कि विस्फोट उस समय हुआ जब पीड़ित (छुटवाई गांव निवासी माडवी नंदा) अपने ट्रैक्टर से तर्रेम की ओर जा रहा था.

उन्होंने बताया कि नंदा छुटवाई और गुंडम के बीच तोयनाला गांव के पास रुका जहां सड़क निर्माण कार्य चल रहा था. उन्होंने कहा कि इसके बाद वह पेशाब करने के लिए सड़क के किनारे गया तो उसका पैर एक ‘प्रेशर आईईडी’ पर पड़ गया जिससे विस्फोट हो गया और उसके पैर में गंभीर चोट आई. उन्होंने बताया कि सुरक्षार्किमयों की एक टीम पीड़ित को चिन्नागेलुर शिविर लेकर आई, जहां उसका प्रारंभिक उपचार किया गया.

उन्होंने बताया कि बाद में उसे बीजापुर जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया. नक्सली बस्तर क्षेत्र के अंदरूनी इलाकों में गश्त कर रहे सुरक्षार्किमयों को निशाना बनाने के लिए सड़कों, निर्माणाधीन सड़कों और कच्चे रास्तों पर आईईडी लगाते हैं. पुलिस के अनुसार, पिछले दो महीनों में बीजापुर जिले में आईईडी विस्फोटों में पांच लोगों की मौत हो चुकी है.

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button