राजग की तरफ से उपराष्ट्रपति पद के उम्मीदवार राधाकृष्णन ने प्रधानमंत्री व अन्य नेताओं से मुलाकात की

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Mon, 18 Aug 2025 08:59 PM
राजग की तरफ से उपराष्ट्रपति पद के उम्मीदवार राधाकृष्णन ने प्रधानमंत्री व अन्य नेताओं से मुलाकात की
ऑडियो सुनें

नयी दिल्ली. महाराष्ट्र के राज्यपाल सी पी राधाकृष्णन सोमवार को राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली पहुंचे और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी सहित भाजपा नीत राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) के नेताओं से मुलाकात की. यह मुलाकात सत्तारूढ़ राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) द्वारा राधाकृष्णन को उपराष्ट्रपति पद का उम्मीदवार घोषित किए जाने के एक दिन बाद हुई है.

भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के भूपेंद्र यादव, प्रहलाद जोशी और किरेन रीजीजू तथा तेलुगू देशम पार्टी (तेदेपा) के के. राममोहन नायडू सहित कई केंद्रीय मंत्रियों ने राधाकृष्णन का यहां स्वागत किया. राजग ने उनके प्रचार अभियान के सिलसिले में कई बैठकें आयोजित करने की योजना बनाई है. बाद में शाम को, उपराष्ट्रपति पद के उम्मीदवार राधाकृष्णन ने राजग नेताओं की एक बैठक में भाग लिया जहां उनका अभिनंदन किया गया.

आधिकारिक सूत्रों ने बताया कि राधाकृष्णन 20 अगस्त को अपना नामांकन दाखिल कर सकते हैं. इस दौरान मोदी और उनके कई कैबिनेट सहयोगियों के अलावा भाजपा और उसके सहयोगी दलों द्वारा शासित कई राज्यों के मुख्यमंत्री और उपमुख्यमंत्री भी शामिल हो सकते हैं.

तमिलनाडु भाजपा के पूर्व अध्यक्ष एवं दो बार लोकसभा सदस्य रह चुके राधाकृष्णन ने मोदी से मुलाकात की. इस मुलाकात के बाद मोदी ने ‘एक्स’ पर पोस्ट किया, ”सी. पी. राधाकृष्णन जी से मिला. राजग की तरफ से उपराष्ट्रपति पद का उम्मीदवार बनाए जाने पर उन्हें शुभकामनाएं दीं. जनसेवा के लंबे अनुभव और विभिन्न क्षेत्रों में उनकी विशेषज्ञता हमारे देश को समृद्ध बनाएगी. वह पहले की तरह ही समर्पण और दृढ़ निश्चय के साथ देश की सेवा करते रहें.” संख्या बल के लिहाज से राजग की मजबूती ने राधाकृष्णन की जीत निश्चित बना दी है. लेकिन सत्तारूढ़ गठबंधन के प्रबंधक उनके पक्ष में अधिकतम समर्थन जुटाने के लिए पुरज.ोर कोशिश कर रहे हैं ताकि एक राजनीतिक संदेश दिया जा सके, जबकि ‘इंडिया’ गठबंधन के कुछ दलों ने संकेत दिया है कि वे अपना उम्मीदवार घोषित कर मुकाबला सुनिश्चित करेंगे.

राजग को तब बल मिला जब आंध्र प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री जगन मोहन रेड्डी के नेतृत्व वाली युवजन श्रमिक रायतु (वाईएसआर) कांग्रेस पार्टी ने राधाकृष्णन की उम्मीदवारी को अपना समर्थन दिया. इस क्षेत्रीय पार्टी के संसद में 11 सदस्य हैं. उपराष्ट्रपति चुनाव के लिए निर्वाचक मंडल में संसद के दोनों सदनों के सदस्य शामिल होते हैं. सूत्रों ने बताया कि रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने वाईएसआर कांग्रेस अध्यक्ष और आंध्र प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री जगन मोहन रेड्डी से बात की और सत्तारूढ़ गठबंधन के उम्मीदवार के लिए पार्टी का समर्थन मांगा.

भाजपा दो अन्य क्षेत्रीय दलों- ओडिशा की बीजू जनता दल (बीजद) और तेलंगाना की भारत राष्ट्र समिति (बीआरएस) और कुछ निर्दलीयों से भी समर्थन की उम्मीद कर रही है. एक सूत्र ने बताया कि उन्हें 781 सदस्यीय निर्वाचक मंडल में 440 से अधिक सांसदों का समर्थन मिलने की उम्मीद है.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu