रूस के कुर्स्क क्षेत्र में लगभग 500 वर्ग मील क्षेत्र पर नियंत्रण किया गया: यूक्रेनी सेना

कीव. यूक्रेन के सैनिकों ने रूस के कुर्स्क क्षेत्र में लगभग 1,300 वर्ग किलोमीटर (500 वर्ग मील) क्षेत्र पर नियंत्रण कर लिया है. यूक्रेन की सेना के प्रमुख ने यह जानकारी दी. जनरल ऑलेक्जेंडर सिस्र्की ने कहा कि यूक्रेन ने अपने अभियान में 594 रूसी लोगों को पकड़ लिया है. यह अभियान छह अगस्त से शुरू हुआ था. उनके दावे की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हो सकी है.

सिस्र्की ने कुर्स्क क्षेत्र की स्थिति को लेकर कहा, ”कुर्स्क क्षेत्र में हमारा अभियान जारी है और दुश्मन देश हमारे आक्रामक सैन्य समूह को घेरने का प्रयास कर रहा है और उनकी जवाबी कार्रवाई की योजना भी है.” हमलों में पांच लोगों के मारे जाने और 16 अन्य के घायल होने की सूचना है. राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की ने कहा कि हमलों में 81 ड्रोन, क्रूज और बैलिस्टिक मिसाइल शामिल थी. उन्होंने कहा कि चार लोग मारे गए, लेकिन जापोरीज्जिया क्षेत्र के गवर्नर ने बाद में कहा कि हमलों में पांचवें व्यक्ति की भी मौत हो गई.

जेलेंस्की ने ‘एक्स’ पर कहा, ”हम निस्संदेह इस और अन्य सभी हमलों के लिए रूस को जवाब देंगे. मानवता के खिलाफ अपराध करने वालों को बख्शा नहीं जा सकता.” रूसी रक्षा मंत्रालय ने मंगलवार को कहा कि कुर्स्क में यूक्रेन को भारी नुकसान हुआ है. इसने कहा कि लगभग 6,600 सैनिक मारे गए या घायल हुए हैं और 70 से अधिक टैंक और कई बख्तरबंद वाहन नष्ट हो गए हैं. इन आंकड़ों की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं की जा सकी है.

इस बीच, रूस में अधिकारियों ने बताया कि कुर्स्क क्षेत्र में यूक्रेन की चार मिसाइल को मार गिराया गया. क्षेत्र में लड़ाई ने वहां परमाणु ऊर्जा संयंत्र को लेकर चिंताएं बढ़ा दी हैं. अंतरराष्ट्रीय परमाणु ऊर्जा एजेंसी के प्रमुख राफेल ग्रॉसी मंगलवार को संयंत्र का निरीक्षण करने पहुंचे, लेकिन उन्होंने तत्काल कोई सार्वजनिक आकलन नहीं दिया.

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button