
जम्मू. भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की जम्मू-कश्मीर इकाई के अध्यक्ष सत शर्मा ने अनुच्छेद-370 को हटाए जाने के खिलाफ विधानसभा में प्रस्ताव लाने के लिए पीपुल्स डेमोक्रेटिक पार्टी (पीडीपी) की सोमवार को आलोचना की और दावा किया कि “नकारात्मक ताकतें” घाटी के शांतिपूर्ण माहौल में खलल डालने की कोशिश कर रही हैं.
जम्मू-कश्मीर भाजपा का अध्यक्ष चुने जाने के उपलक्ष्य में जम्मू में पार्टी मुख्यालय में आयोजित सम्मान समारोह में शर्मा ने कहा कि भाजपा संवैधानिक के निरस्त प्रावधान को बहाल करने के किसी भी प्रयास का मुकाबला करने के लिए जो भी आवश्यक होगा, वह करेगी.
उन्होंने कहा, “विधानसभा में हमारे 28 बहादुर सदस्यों ने जोरदार तरीके से जवाब दिया और बताया कि सदन में इस विषय (अनुच्छेद 370 को बहाल करने) पर कोई भी चर्चा बर्दाश्त नहीं की जाएगी.” शर्मा का इशारा जम्मू-कश्मीर विधानसभा में पीडीपी के एक विधायक द्वारा अनुच्छेद-370 की बहाली की मांग को लेकर प्रस्ताव लाए जाने के दौरान भाजपा विधायकों की ओर से किए गए हंगामे की तरफ था. भाजपा नेता ने कहा कि यह चिंता का विषय है कि नकारात्मक ताकतें अब भी घाटी के शांतिपूर्ण माहौल में खलल डालने की कोशिश कर रही हैं और इन हालातों में हमारे नेताओं एवं कार्यकर्ताओं को सावधानी से काम करना होगा.



