NIA ने कैफे विस्फोट के मुख्य संदिग्ध के बारे में जानकारी देने पर 10 लाख रुपये का इनाम घोषित किया

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Wed, 06 Mar 2024 09:04 PM
NIA ने कैफे विस्फोट के मुख्य संदिग्ध के बारे में जानकारी देने पर 10 लाख रुपये का इनाम घोषित किया
ऑडियो सुनें

नयी दिल्ली/बेंगलुरु. राष्ट्रीय अन्वेषण अभिकरण (एनआईए) ने बेंगलुरु के रामेश्वरम कैफे में एक मार्च को हुए विस्फोट के मामले में संदिग्ध बम हमलावर की जानकारी देने पर 10 लाख रुपये के नकद इनाम की बुधवार को घोषणा की. एनआईए ने ‘एक्स’ पर संदिग्ध बम हमलावर की तस्वीर पोस्ट की जिसमें वह टोपी, मास्क और चश्मा लगाकर कैफे के अंदर दाखिल होते हुए दिख रहा है. एनआईए ने फोन नंबर और ईमेल आईडी साझा करते हुए कहा है कि इनके माध्यम से लोग इस अज्ञात व्यक्ति के बारे में सूचना भेज सकते हैं. यह अज्ञात व्यक्ति को हमले को अंजाम देने वाला माना जा रहा है.

एनआईए ने आश्वासन दिया है कि सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान गोपनीय रखी जाएगी. कैफे में विस्फोट की जांच इस सप्ताह के प्रारंभ में एनआईए को सौंपी गयी थी. एक मार्च को पूर्वी बेंगलुरु के ब्रुकफील्ड में रामेश्वरम कैफे के अंदर विस्फोट होने से कम से कम दस लोग घायल हो गये थे. संदेह है कि आईईडी के माध्यम से यह विस्फोट किया गया. धमाके के शीघ्र बाद कर्नाटक पुलिस ने कठोर गैर कानूनी गतिविधि रोकथाम अधिनियम और विस्फोटक पदार्थ अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया था.

कैफे विस्फोट मामले में पुलिस को महत्वपूर्ण सुराग मिले : गृह मंत्री परमेश्वर

कर्नाटक के गृह मंत्री जी परमेश्वर ने बुधवार को कहा कि एक मार्च को रामेश्वरम कैफे में हुए विस्फोट मामले में पुलिस को महत्वपूर्ण सुराग मिले हैं और वह गुत्थी सुलझाने के करीब पहुंच रही है. उन्होंने यहां संवाददाताओं से कहा कि पुलिस को पिछले दो दिन में कुछ महत्वपूर्ण सुराग मिले हैं.

परमेश्वर ने कहा, ”हमारे अधिकारी (मामले को सुलझाने के लिए) करीब पहुंच रहे हैं. कल और परसों कुछ महत्वपूर्ण जानकारी प्राप्त हुई, जिसे हमने बहुत गंभीरता से लिया है. अगर हम इस तरह से आगे बढ.ते हैं तो हम जांच पूरी कर लेंगे.” मामले के संबंध में कोई गिरफ्तारी नहीं हुई है. मंत्री ने कहा कि संदेह के आधार पर कुछ लोगों को पुलिस ने बुलाया, जिनसे ”जानकारी” जुटाई गई.
परमेश्वर ने कहा कि राष्ट्रीय अन्वेषण अभिकरण (एनआईए) को मंगलवार को मामला अपने हाथ में लेना था, लेकिन ”वे (अधिकारी) अभी तक नहीं आए हैं.” यहां व्हाइटफील्ड के पास ब्रुकफील्ड इलाके में स्थित रामेश्वरम कैफे में हुए विस्फोट में दस लोग घायल हो गए थे.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu