NIA ने बेंगलुरु रामेश्वरम कैफे विस्फोट मामले में एक और आरोपी को किया गिरफ्तार

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Fri, 24 May 2024 08:37 PM
NIA ने बेंगलुरु रामेश्वरम कैफे विस्फोट मामले में एक और आरोपी को किया गिरफ्तार
ऑडियो सुनें

नयी दिल्ली. राष्ट्रीय अन्वेषण अभिकरण (एनआईए) ने बेंगलुरु के रामेश्वरम कैफे में एक मार्च को हुए विस्फोट मामले में एक और आरोपी को शुक्रवार को गिरफ्तार किया. यह इस मामले में पांचवीं गिरफ्तारी है. एजेंसी ने एक बयान में कहा कि कर्नाटक के हुबली शहर का रहने वाला शोएब अहमद मिर्जा (35) उर्फ छोटू पहले लश्कर-ए-तैयबा (एलईटी) आतंकी साजिश के एक मामले में दोषी ठहराया जा चुका है.

एजेंसी ने कहा, “रामेश्वरम कैफे विस्फोट मामले में चार राज्यों में बड़े पैमाने पर धर पकड़ के तीन दिन बाद, एनआईए ने शुक्रवार को एक और आरोपी को गिरफ्तार किया, जिसकी पहचान लश्कर-ए-तैयबा (एलईटी) आतंकी साजिश मामले के एक पूर्व दोषी के तौर पर हुई है.” एजेंसी ने बताया कि उसकी जांच में पता चला है कि मिर्जा जेल से छूटने के बाद इस नयी साजिश में संलिप्त हुआ. जांच एजेंसी ने कहा कि 2018 में उसने आरोपी अब्दुल मथीन ताहा से दोस्ती की और उसका परिचय एक ऑनलाइन हैंडलर से कराया, जिसके विदेश में होने का संदेह है.

एजेंसी ने बताया कि मिर्जा ने हैंडलर और अब्दुल मथीन ताहा के बीच कूट भाषा में संचार के लिए एक ई-मेल आईडी भी प्रदान की. एजेंसी ने बताया कि ताहा को 12 अप्रैल को सह-आरोपी मुसाविर हुसैन शाजिब के साथ कोलकाता (पश्चिम बंगाल) में उसके ठिकाने से गिरफ्तार किया गया था. इस साल एक मार्च को हुए रामेश्वरम कैफे विस्फोट की जांच के दौरान, एनआईए ने पूरे भारत में 29 स्थानों पर व्यापक छापेमारी की है. बयान में कहा गया है कि विस्फोट के पीछे हैंडलर की भूमिका और व्यापक साजिश की आगे की जांच जारी है. इस विस्फोट में कई लोग घायल हुए थे और संपत्ति को काफी नुकसान पहुंचा था.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu