एनआईए ने छत्तीसगढ़ में संदिग्ध माओवादियों से संबंधित ठिकानों पर छापेमारी की

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Fri, 14 Jun 2024 07:07 PM
एनआईए ने छत्तीसगढ़ में संदिग्ध माओवादियों से संबंधित ठिकानों पर छापेमारी की
ऑडियो सुनें

नयी दिल्ली. राष्ट्रीय अन्वेषण अभिकरण (एनआईए) ने छत्तीसगढ़ में प्रतिबंधित संगठन भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी- माओवादी (भाकपा-माओवादी) के संदिग्ध कार्यकर्ताओं से संबंधित कई ठिकानों पर छापेमारी की. एक आधिकारिक बयान में शुक्रवार को यह जानकारी दी गयी. वर्ष 2023 में छत्तीसगढ़ विधानसभा चुनावों के दौरान निर्वाचन आयोग की एक टीम के काफिले पर भाकपा-माओवादी के हमले के संबंध में बृहस्पतिवार को यह छापेमारी की गयी.

एनआईए ने बयान में कहा, ”प्रतिबंधित भाकपा-माओवादी संगठन के मैनपुर-नौपाड़ा मंडल के संदिग्ध कार्यकर्ताओं व समर्थकों के परिसरों में छापेमारी के दौरान कई मोबाइल फोन और 2,98,000 रुपये नकद जब्त किये गये.” एनआईए की टीम ने मामले की जांच के तहत गरियाबंद जिले के मैनपुर थाना क्षेत्र के बड़ेगोबरा गांव के माओवादी प्रभावित इलाके में छह संदिग्धों के परिसरों में छापेमारी की.
बयान के मुताबिक, नवंबर 2023 में हुए हमले में भारत-तिब्बत सीमा पुलिस (आईटीबीपी) का एक हेड कांस्टेबल घायल हुआ था.
एनआईए ने फरवरी 2024 में मामले की जांच अपने हाथ में ली और हमला करने वाले अपराधियों की पहचान भाकपा-माओवादी कार्यकर्ताओं के रूप में की थी.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu