बीजापुर जिले में एक इनामी समेत नौ नक्सली गिरफ्तार…

Author: Nandkishoryadav
UPDATED: Wed, 05 Jun 2024 01:37 PM
बीजापुर जिले में एक इनामी समेत नौ नक्सली गिरफ्तार…
ऑडियो सुनें

बीजापुर: छत्तीसगढ़ के नक्सल प्रभावित बीजापुर जिले में सुरक्षाबलों ने नौ नक्सलियों को गिरफ्तार किया है जिनमें एक पर पांच लाख रुपये का इनाम था। पुलिस अधिकारियों ने बुधवार को यह जानकारी दी। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि फरसेगढ़ और मद्देड़ थाना क्षेत्रों में सुरक्षाबलों ने अलग-अलग कार्रवाई कर नौ नक्सलियों को गिरफ्तार कर लिया।

उन्होंने बताया कि गिरफ्तार नक्सलियों में मद्देड़ एरिया कमेटी का सदस्य लच्छु पूनेम (35) भी शामिल है जिसके सिर पर पांच लाख रुपए का इनाम है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि नक्सल विरोधी अभियान के तहत मद्देड़ थाना क्षेत्र से डीआरजी के बल को रवाना किया गया था और जब यह दल सोमनपल्ली और बंदेपारा जाने वाली सड़क पर था तब बारूदी सुरंग लगाने की कोशिश कर रहे चार नक्सलियों को वहां से पकड़ा गया।

उन्होंने बताया कि पकड़े गए नक्सलियों से विस्फोटक, पिटठू और अन्य सामान बरामद किये गये। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि एक अन्य घटना में सुरक्षाबलों ने फरसेगढ़ थाना क्षेत्र में कुपरेल और मंडेम गांवों के करीब से पांच नक्सलियों को गिरफ्तार कर लिया जो 15 मई को फरसेगढ़ थाना प्रभारी के वाहन को बारूदी सुरंग में विस्फोट कर उड़ाने की घटना में शामिल थे। इस विस्फोट में वाहन को क्षति पहुंची थी तथा थाना प्रभारी बाल-बाल बच गए थे।

उन्होंने बताया कि पकड़े गए माओवादी क्षेत्र में बारूदी सुरंग लगाने, लेवी वसूली करने, रोड काटने, बैनर लगाने का काम करते थे। अधिकारियों ने बताया कि क्षेत्र में नक्सलियों के खिलाफ अभियान जारी है।

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Nandkishoryadav