नीतीश ने दोबारा जनादेश का अपमान किया, बिहार में राष्ट्रपति शासन लागू हो: चिराग

नयी दिल्ली: लोक जनशक्ति पार्टी (राम विलास) के नेता चिराग पासवान ने राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) से नाता तोड़कर बिहार के मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा देने पर नीतीश कुमार की कड़ी आलोचना की और आरोप लगाया कि उन्होंने दूसरी बार जनादेश का अपमान किया है।

पासवान ने बिहार में राष्ट्रपति शासन लगाए जाने और नए सिरे से चुनाव कराए जाने की मांग की। बिहार में नीतीश के इस्तीफे के बाद तेज हुई राजनीतिक हलचल के बीच चिराग भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के समर्थन में आ गए और कहा कि भगवा दल ने वह सब स्वीकार किया जो मुख्यमंत्री के रूप में नीतीश कुमार चाहते थे। उन्होंने कहा कि यहां तक कि भाजपा ने उनके लिए अपनी नीतियों तक से समझौता किया।

चिराग ने यहां पत्रकारों से चर्चा में कहा, ‘‘नीतीश कुमार ने एक बार फिर जनादेश का अपमान किया है। उन्होंने अपनी विश्वसनीयता खो दी है…यह मजाक है क्या? एक बार आप किसी के साथ सरकार बनाते हो और दूसरी बार किसी और के साथ।’’ उन्होंने कहा, ‘‘मैं राज्यपाल से आग्रह करूंगा कि वह राज्य में राष्ट्रपति शासन लागू किए जाने की अनुशंसा करें। नए जनादेश के लिए विधानसभा चुनाव कराया जाना चाहिए।’’ यह पूछे जाने पर कि ताजा राजनीतिक परिस्थितियों में उनकी क्या भूमिका होगी, चिराग ने कहा, ‘‘इस बारे में मैंने कोई फैसला नहीं किया है।’’

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button