पश्चिम बंगाल में अभी कोई सिनेमा हॉल ‘केरल स्टोरी’ नहीं दिखा रहा: वितरक

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Fri, 19 May 2023 10:13 PM
पश्चिम बंगाल में अभी कोई सिनेमा हॉल ‘केरल स्टोरी’ नहीं दिखा रहा: वितरक
ऑडियो सुनें

कोलकाता. उच्चतम न्यायालय द्वारा पश्चिम बंगाल में फिल्म ‘द केरल स्टोरी’ के प्रदर्शन की अनुमति देने के बावजूद अब तक कोई भी सिनेमा हॉल इस विवादास्पद फिल्म को दिखाने के लिए राजी नहीं हुआ है. राज्य सरकार ने पूर्व में ‘सांप्रदायिक अशांति’ की आशंका के चलते फिल्म के प्रदर्शन पर प्रतिबंध लगा दिया था. बंगाल में फिल्म के वितरक सतदीप साहा ने शुक्रवार को ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया कि उनके परिवार के थिएटर समेत राज्य में अभी तक कोई भी सिंगल स्क्रीन और मल्टीप्लेक्स ‘द केरल स्टोरी’ दिखाने के लिए तैयार नहीं हुआ है.

साहा ने कहा, ”हमने सिनेमा हॉल मालिकों और मल्टीप्लेक्स संचालकों से कहा है कि वे फिल्म दिखा सकते हैं क्योंकि अब केरल स्टोरी दिखाने में कोई बाधा नहीं है. लेकिन अब तक कोई भी यहां फिल्म रिलीज के लिए आगे नहीं आया है…हो सकता है कि वे किसी को नाराज ना करना चाहते हों.” हालांकि, आईनॉक्स के क्षेत्रीय प्रमुख अमिताभ गुहा ठाकुरता ने कहा, ”हम (राज्य) सरकार के औपचारिक आदेश का इंतजार कर रहे हैं.” फिल्म के निर्देशक सुदीप्तो सेन ने शुक्रवार को संवाददाता सम्मेलन में दावा किया कि कई हॉल मालिकों ने उन्हें बताया है कि ”कुछ धड़ों से धमकी मिली है और फिल्म को प्रर्दिशत नहीं करने के लिए कहा है.”

फिल्म की मुख्य अभिनेत्री अदा शर्मा के साथ यहां संवाददाता सम्मेलन में सेन ने दावा किया कि देश भर में रिलीज होने के दो सप्ताह के भीतर ही करीब 1.5-2 करोड़ लोग फिल्म देख चुके हैं. सेन ने कहा, ”हम किसी भी विवाद में नहीं फंसना चाहते. मैं मुख्यमंत्री ममता बनर्जी से अपील करता हूं कि वह कृपया फिल्म देखें और तय करें कि क्या यह सांप्रदायिक सद्भाव या कानून-व्यवस्था की गड़बड़ी के लिए कोई खतरा है.” सेन ने कहा कि लोगों को यह तय करने दिया जाना चाहिए कि वे फिल्म देखना चाहते हैं या नहीं. सेन ने कहा, ”मैं बंगाली हूं, प्रोडक्शन डिजाइनर बंगाली हैं. हम हैरान और निराश हैं कि बंगाल में ऐसा हो रहा है.”

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu