
भोपाल. लोकसभा चुनाव में ‘ इंडिया गठबंधन ‘ के बेहतर प्रदर्शन के बाद वरिष्ठ कांग्रेस नेता दिग्विजय सिंह ने मंगलवार को कहा कि ईवीएम से कोई लड़ाई नहीं है. सिंह लगातार इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीनों की विश्वसनीयता पर सवाल उठाते रहे हैं. सिंह ने कहा, “अगर ईवीएम में कोई गड़बड़ी होती तो उत्तर प्रदेश में ऐसे नतीजे नहीं आते.” सिंह ने कहा, “…ईवीएम से हमारी कोई लड़ाई नहीं है. हम इस बात की वकालत करते हैं कि हमारा वोट सुरक्षित तरीके से डाला जाए. हमें ईवीएम में इस्तेमाल किए जाने वाले सॉफ्टवेयर पर भरोसा नहीं है.” सिंह ने कहा कि ईवीएम को लेकर उनका संघर्ष जारी रहेगा.
निर्वाचन आयोग की वेबसाइट पर उपलब्ध रुझानों और परिणामों के अनुसार, उत्तर प्रदेश में समाजवादी पार्टी 17 सीट पर आगे है और 20 सीट जीत चुकी है जबकि भाजपा वहां 15 सीट पर आगे है और उसने 18 सीट जीत ली हैं. राजगढ़ निर्वाचन क्षेत्र से कांग्रेस उम्मीदवार सिंह भाजपा के अपने प्रतिद्वंद्वी रोडमल नागर से 1.40 लाख से अधिक मतों से पीछे हैं. एक प्रश्न के उत्तर में सिंह ने कहा, “संभवत?, राजगढ़ के लोग ऐसे सांसद को पसंद करते हैं जो घर पर बैठे रहते हैं और उनके लिए काम नहीं करते हैं.



