सलमान खान की जगह कोई नहीं ले सकता : अनिल कपूर

Author: Nandkishoryadav
UPDATED: Wed, 19 Jun 2024 01:31 PM
सलमान खान की जगह कोई नहीं ले सकता : अनिल कपूर
ऑडियो सुनें

मुंबई: अपने मित्र सलमान खान से ‘बिग बॉस ओटीटी 3’ के प्रस्तोता की जिम्मेदारी संभालने वाले अभिनेता अनिल कपूर ने मंगलवार को कहा कि यह कहना गलत होगा कि उन्होंने सुपरस्टार सलमान की जगह ले ली है। उन्होंने कहा कि दोनों ही अभिनेताओं की अपनी-अपनी पहचान और प्रतिष्ठा है।

सलमान खान कलर्स टीवी के रियलिटी टीवी शो ‘बिग बॉस’ की पहचान बन गए हैं, जो कि इसके चौथे सीजन से ही इसके प्रस्तोता हैं। हालांकि बिग बॉस के ओटीटी संस्करण के तीसरे सीजन की मेजबानी के लिए निर्माताओं ने अभिनेता अनिल कपूर को चुना है।

अनिल कपूर ने सलमान खान के साथ ‘नो एंट्री’, ‘रेस 3’, ‘बीवी नंबर 1’ और ‘युवराज’ जैसी फिल्मों में काम किया है। उन्होंने कहा कि बिग बॉस के पूर्व प्रस्तोता सलमान खान, इस शो के ओटीटी संस्करण के तीसरे सत्र के लिए उनके मेजबान बनने को लेकर उत्साहित हैं।

अनिल कपूर ने कहा, ” उनकी जगह कोई नहीं ले सकता। हर कोई यह सवाल पूछ रहा है, लेकिन यह गलत है। कोई भी सलमान खान की जगह नहीं ले सकता। वैसे ही कोई भी अनिल कपूर की भी जगह नहीं ले सकता। मैंने उनसे बात की और वह इस बात को लेकर उत्साहित थे कि अब मैंने एक नॉन-फिक्शन शो की कमान संभाल ली है।”

‘बिग-बॉस ओटीटी’ के सीजन तीन के लिए आयोजित संवाददाता सम्मेलन में अभिनेता ने कहा, “मैं लंबे समय से कुछ अलग करना चाहता था। मैने कई फिल्में और शो किये हैं, लेकिन बिग-बॉस जैसा कुछ नहीं किया, इसलिए मैं इसको लेकर काफी उत्साहित हूं।”

सलमान खान को छोटा भाई और मित्र बताते हुए अनिल कपूर ने कहा कि “रिप्लेसमेंट” एक गलत शब्द है और अभिनेताओं को अक्सर विभिन्न कारणों से ‘रिप्लेस’ कर दिया जाता है। उन्होंने कहा, “हर किसी के पास काम होता है। कभी-कभी किसी कारण से कोई उसे नहीं कर पाता या उसके पास उसे करने का समय नहीं होता। हाल ही में, मुझे बदल दिया गया। मुझे बदले जाने का कारण नहीं पता, लेकिन ऐसी चीजें होती रहती हैं।”

उन्होंने कहा, “कई लोगों ने मेरी जगह ले ली और कई बार मैंने किसी और की। हम केवल अपना काम कर रहे हैं, जिसे हमें पूरी ईमानदारी और निष्ठा से करना चाहिए।” 67 वर्षीय अनिल कपूर ‘ट्रोंिलग’ के सवाल पर काफी बेफ्रिक दिखे और कहा, “करो ट्रोंिलग, अब तो ये जीवन का एक हिस्सा बन गया है।

यह सोशल मीडिया का एक हिस्सा है और हमें इसका सामना करना पड़ेगा। मैंने ईमानदारी और निष्ठा के साथ काम किया है, और भगवान की कृपा से, ज्यादातर यह प्रतिक्रिया सकारात्मक रही है।” उन्होंने कहा कि हर घर में झगड़े होना आम बात है और प्रस्तोता के तौर पर वह ‘बिग बॉस’ के घर में विवादों से समझदारी से निपटेंगे।’बिग बॉस ओटीटी 3′ का प्रीमियर 12 से अधिक सेलिब्रिटी प्रतियोगियों के साथ, 21 जून को रात 9 बजे जियो सिनेमा प्रीमियम पर होगा।

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Nandkishoryadav