जिस पार्टी ने “मातृशक्ति” का हमेशा अपमान किया, उससे कुछ और उम्मीद नहीं की जा सकती : सिंधिया

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Wed, 27 Mar 2024 10:28 PM
जिस पार्टी ने “मातृशक्ति” का हमेशा अपमान किया, उससे कुछ और उम्मीद नहीं की जा सकती : सिंधिया
ऑडियो सुनें

ग्वालियर/नयी दिल्ली. हिमाचल प्रदेश की मंडी से भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की उम्मीदवार और अभिनेत्री कंगना रनौत पर एक कांग्रेस नेता की कथित आपत्तिजनक टिप्पणी की आलोचना करते हुए केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने बुधवार को आरोप लगाया कि कांग्रेस ने हमेशा “मातृशक्ति” का अपमान किया है. गुना लोकसभा क्षेत्र से भाजपा के टिकट पर चुनाव मैदान में उतरे सिंधिया ने कहा कि आगामी चुनावों में ”मातृशक्ति” को नीचा दिखाने की कोशिश करने वालों को जनता सबक सिखाएगी.

मार्च 2020 में कांग्रेस छोड़कर भाजपा में शामिल होने वाले सिंधिया ने संवाददाताओं से कहा, “उस पार्टी (कांग्रेस) से कुछ और उम्मीद नहीं की जा सकती जिसने कभी महिलाओं का सम्मान नहीं किया. इस पार्टी ने हमेशा मातृशक्ति का अपमान किया.” अभिनेत्री से नेता बनीं कंगना रनौत को लेकर कांग्रेस प्रवक्ता सुप्रिया श्रीनेत द्वारा सोशल मीडिया पर कथित रूप से आपत्तिजनक पोस्ट करने के बाद विवाद पैदा हो गया है. रनौत, भाजपा उम्मीदवार के रूप में हिमाचल प्रदेश की मंडी लोकसभा सीट से अपने राजनीतिक करियर की शुरुआत कर रही हैं.

सिंधिया ने कहा, “प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कहा है कि देश में चार शक्तियां हैं जिनमें महिलाएं, युवा, किसान और गरीब शामिल हैं.” उन्होंने कहा कि भाजपा का प्रत्येक कार्यकर्ता प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में इन “शक्तियों” के उत्थान के लिए प्रतिबद्ध है और उन्होंने भारत को विकास की राह पर आगे ले जाने का संकल्प लिया है. नागरिक उड्डयन मंत्री ने कहा, “जो भी व्यक्ति मातृशक्ति को नीचा दिखाने की कोशिश करेगा, उसे लोग सबक सिखाएंगे और वह दिन दूर नहीं है. चार जून (जब लोकसभा चुनावों की मतगणना होगी) करीब ही है.” चुनाव आयोग ने बुधवार को श्रीनेत को उनकी आपत्तिजनक पोस्ट के लिए कारण बताओ नोटिस भेजा.

स्मृति ईरानी ने कांग्रेस पर साधा निशाना

केंद्रीय मंत्री और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की नेता स्मृति ईरानी ने कांग्रेस पर तीखा हमला बोलते हुए उस पर धर्म, लिंग और जाति के आधार पर समाज को बांटने का आरोप लगाया. ‘टाइम्स नाउ समिट’ में ईरानी ने इस पर जोर दिया कि जहां विपक्ष जाति और धर्म के मुद्दों पर ध्यान केंद्रित कर रहा है, वहीं भाजपा स्वास्थ्य, बुनियादी ढांचे और शिक्षा जैसे महत्वपूर्ण क्षेत्रों पर जोर देते हुए विकास के प्रति अपनी प्रतिबद्धता पर कायम है.

ईरानी ने जाति जनगणना का मुद्दा उठाए जाने के लिए कांग्रेस नेता राहुल गांधी का जिक्र करते हुए कहा, ”श्री गांधी आपको क्या पेशकश कर रहे हैं? वह आपको धर्म, लिंग, जाति के आधार पर बांटने की पेशकश कर रहे हैं. वह अतीत में ले जाना चाहते हैं ताकि कोई उन्हें राजा बनने का मौका दे सके.” ईरानी ने कटाक्षपूर्ण लहजे में कहा, ”जब मूर्ख दूसरों को मूर्ख बनाने की कोशिश करते हैं, तो वे केवल यही जताते हैं कि वे वास्तव में कितने मूर्ख हैं.” भाजपा और कांग्रेस के एजेंडे के बीच बड़ा फर्क बताते हुए ईरानी ने कहा, ”विपक्ष आपसे जाति, धर्म के आधार पर लड़ने के लिए कह रहा है और भाजपा विकास के बारे में बात कर रही है.” भाजपा नेता ने केरल के वायनाड से राहुल गांधी को उम्मीदवार बनाए जाने पर निशाना साधते हुए कांग्रेस के पारंपरिक गढ. अमेठी और रायबरेली के प्रति पार्टी की प्रतिबद्धता पर सवाल उठाया.

ईरानी ने कहा कि गांधी के वायनाड से चुनाव लड़ने का विकल्प चुनकर कांग्रेस ने उन क्षेत्रों में काम करने में झिझक दिखाई है, जहां कभी उसका प्रभाव था. भाजपा नेता ने अमेठी का जिक्र किया, जहां गांधी 2019 के चुनावों में उनसे हार गए थे. उन्होंने चुनाव अकेले लड़ने की कांग्रेस की क्षमता पर सवाल उठाते हुए कहा कि गठबंधन पर पार्टी की निर्भरता उसकी अपनी क्षमताओं में विश्वास की कमी का संकेत देती है.

दोनों दलों के ‘ट्रैक रिकॉर्ड’ को रेखांकित करते हुए, ईरानी ने कहा कि कांग्रेस ने 84 बार सरकारों को बर्खास्त किया, वहीं भाजपा ने कभी भी किसी सरकार को बर्खास्त करने के लिए संवैधानिक साधनों का सहारा नहीं लिया. उन्होंने देश के लिए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के दूरदर्शी दृष्टिकोण को रेखांकित करते हुए कहा कि कांग्रेस अपना घर एकजुट रखने में भी असमर्थ है. ईरानी ने कहा, ”मोदी बात करते हैं कि हम 2047 में एक राष्ट्र के रूप में क्या होंगे और कांग्रेस 2024 में अपना घर नहीं संभाल पा रही, यही अंतर है.” उन्होंने अमेठी लोकसभा सीट से उम्मीदवार के नाम की घोषणा करने में कांग्रेस की दिलचस्पी नहीं होने का जिक्र करते हुए इसे भारतीय राजनीतिक इतिहास में अभूतपूर्व बताया. ईरानी ने दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल सहित अन्य नेताओं पर भी निशाना साधते हुए उन पर जन कल्याण के लिए निर्धारित धन को चुनाव अभियानों में लगाने का आरोप लगाया.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu