
बालासोर: ओडिशा पुलिस ने बालासोर जिले में नौवीं कक्षा की एक छात्रा का कथित तौर पर अपहरण कर उससे बलात्कार करने के आरोप में 26 वर्षीय एक युवक को गिरफ्तार किया है। अधिकारियों ने सोमवार को यह जानकारी दी।
पुलिस ने बताया कि यह घटना रविवार दोपहर को उस समय हुई जब लड़की ‘ट्यूशन’ पढकर साइकिल से अपने घर लौट रही थी। उसने बताया कि जिले में अंतरा गांव के युवक ने लड़की को रास्ते में रोक लिया और उसे सिमुलिया थाना क्षेत्र में बरदा रानीताल नहर क्षेत्र के पास एक सुनसान जगह पर जबरदस्ती ले जाकर उसके साथ बलात्कार किया।
पुलिस ने बताया कि जब स्थानीय लोगों को घटना के बारे में पता चला तो उन्होंने आरोपी को रस्सी से बांधकर उसकी पिटाई की और उसकी मोटरसाइकिल में आग लगा दी। उसने बताया कि पुलिस के एक दल ने जल्द ही घटनास्थल पर पहुंचकर युवक को गिरफ्तार किया और लड़की को सिमुलिया अस्पताल में भर्ती कराया।
सिमुलिया पुलिस थाना प्रभारी श्रवण कुमार महाराणा ने कहा, ‘‘लड़की की मां द्वारा दर्ज कराई गई शिकायत के आधार पर युवक को गिरफ्तार कर लिया गया है और चिकित्सकीय जांच के बाद उसे अदालत में पेश किया जाएगा।’’ उन्होंने बताया कि लड़की की हालत स्थिर बताई जा रही है।



