एनआईए और अन्य केंद्रीय एजेंसियों के अधिकारियों ने अहमदाबाद विमान दुर्घटना स्थल का दौरा किया

नयी दिल्ली: राष्ट्रीय अन्वेषण अभिकरण (एनआईए) और अन्य केंद्रीय एजेंसियों के अधिकारियों ने शुक्रवार को अहमदाबाद विमान दुर्घटना स्थल का दौरा किया। सूत्रों ने यह जानकारी दी। लंदन के लिए रवाना हुआ बोइंग 787 ड्रीमलाइनर (एआई171) विमान बृहस्पतिवार दोपहर सरदार वल्लभभाई पटेल अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से उड़ान भरने के कुछ ही देर बाद मेघाणी नगर क्षेत्र में एक मेडिकल कॉलेज परिसर में दुर्घटनाग्रस्त हो गया।

इसमें यात्री और चालक दल के सदस्यों समेत 242 लोग सवार थे, जिनमें से 241 की मौत हो गई। एअर इंडिया ने पुष्टि की है कि एआई171 विमान में सवार 241 लोगों की मौत हो गई है। दुर्घटना में केवल एक यात्री चमत्कारिक रूप से बच गया।

सूत्रों ने बताया कि केंद्रीय एजेंसियों के अधिकारियों ने दुर्घटना स्थल का दौरा किया। उन्होंने इससे ज्यादा जानकारी नहीं दी। नागर विमानन मंत्रालय के तहत आने वाले विमान दुर्घटना जांच ब्यूरो (एएआईबी) ने दुर्घटना की जांच शुरू कर दी है।

भारतीय हवाई क्षेत्र में परिचालन करने वाले विमानों से जुड़ी सुरक्षा संबंधी घटनाओं को दुर्घटनाओं और गंभीर घटनाओं में वर्गीकृत करने की जिम्मेदारी एएआईबी की है। गुजरात पुलिस और अग्निशमन विभाग के अधिकारियों ने बताया कि एअर इंडिया की उड़ान एआई 171 का ‘ब्लैक बॉक्स’ बरामद करने के प्रयास जारी हैं, क्योंकि इसके विश्लेषण से इस हादसे के कारणों के बारे में महत्वपूर्ण सुराग मिलेंगे। ‘ब्लैक बॉक्स’ एक छोटा उपकरण होता है, जो उड़ान के दौरान विमान के बारे में जानकारी रिकॉर्ड करता है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button