जॉनसन की आलोचना पर वार्नर ने कहा, हर कोई अपनी राय रखने के लिए स्वतंत्र

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Fri, 08 Dec 2023 04:15 PM
जॉनसन की आलोचना पर वार्नर ने कहा, हर कोई अपनी राय रखने के लिए स्वतंत्र
ऑडियो सुनें

मेलबर्न: अनुभवी सलामी बल्लेबाज डेविड वार्नर ने आॅस्ट्रेलिया के पूर्व तेज गेंदबाज मिशेल जॉनसन की आलोचना का जवाब देते हुए कहा कि हर कोई अपनी राय रखने के लिए स्वतंत्र है। जॉनसन ने एक समाचार पत्र में अपने कॉलम में लिखा था कि क्या वार्नर इतनी अच्छी फॉर्म में है कि वह स्वयं ही अपनी संन्यास की तिथि को तय कर सकें। इसके अलावा उन्होंने दक्षिण अफ्रीका में गेंद से छेड़छाड़ के मामले में वार्नर की भूमिका का भी जिक्र किया था।

वार्नर ने पाकिस्तान के खिलाफ तीन जनवरी से सिडनी में शुरू होने वाले तीसरे और अंतिम टेस्ट क्रिकेट मैच के बाद संन्यास लेने की इच्छा जाहिर की थी। आॅस्ट्रेलिया और पाकिस्तान के बीच तीन टेस्ट मैचों की श्रृंखला 14 दिसंबर से पर्थ में शुरू होगी। आॅस्ट्रेलिया की तरफ से 2011 में टेस्ट क्रिकेट में पदार्पण करने वाले वार्नर ने अभी तक 109 मैच में 8487 रन बनाए हैं। इस 37 वर्षीय खिलाड़ी ने जॉनसन के बयान को ज्यादा तूल नहीं दिया।

वार्नर ने क्रिकेट.कॉम.एयू से कहा‘‘हर कोई अपनी राय रखने के लिए स्वतंत्र है। हमारा ध्यान पर्थ में होने वाले टेस्ट मैच पर है।’’ वार्नर ने कहा कि इस तरह की आलोचना से निपटना उन्होंने बहुत पहले सीख लिया था। उन्होंने कहा,‘‘मेरे माता-पिता ने मुझे इस तरह की परिस्थितियों का सामना करना सिखाया था। उन्होंने मुझे हर दिन लड़ना और कड़ी मेहनत करना सिखाया था। जब आप विश्व स्तर पर खेलते हैं तो एहसास नहीं होता कि आपको किस चीज का सामना करना है। यहां आपको मीडिया का सामना करना होता है। यहां आपको आलोचना का सामना करना होता है लेकिन यहां काफी सकारात्मक पहलू भी हैं।’’

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu