सलमान खान को धमकी भरा संदेश भेजने के आरोप में कर्नाटक से एक व्यक्ति गिरफ्तार

मुंबई. बॉलीवुड अभिनेता सलमान खान को धमकी भरा संदेश भेजने और उनसे पांच करोड़ रुपये की मांग करने के आरोप में मुंबई पुलिस ने कर्नाटक से एक व्यक्ति को बुधवार को गिरफ्तार किया. एक अधिकारी ने बताया कि कर्नाटक के हवेली के रहने वाले भीकाराम जलाराम बिश्नोई (35) को वर्ली पुलिस थाने की एक टीम ने पूछताछ के बाद बुधवार को गिरफ्तार कर लिया. उन्होंने बताया कि मूल रूप से राजस्थान के जालौर के रहने वाले बिश्नोई ने मुंबई यातायात पुलिस के नियंत्रण कक्ष की व्हाट्सएप हेल्पलाइन पर सोमवार रात एक धमकी भरा संदेश भेजा था.

संदेश में कहा गया था, ”सलमान खान को अगर जिंदा रहना है, तो उसे हमारे मंदिर में जाकर माफी मांगनी चाहिए या पांच करोड़ रुपये देन चाहिए. अगर वह ऐसा नहीं करता है, तो हम उसे मार देंगे, हमारा गैंग अभी भी सक्रिय है.” अधिकारी के मुताबिक, संदेश भेजने वाले ने दावा किया कि वह जेल में बंद गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई का भाई है. उन्होंने बताया कि आरोपी के खिलाफ वर्ली पुलिस थाने में मामला दर्ज कर लिया गया है.

अधिकारी के अनुसार, ”जांच के दौरान पता चला कि आरोपी भीकाराम जलाराम बिश्नोई कर्नाटक का रहने वाला है, जिसके बाद वर्ली पुलिस की एक टीम को उसे पकड़ने के लिए भेजा गया. बिश्नोई को मंगलवार देर रात पकड़ा गया और उससे पूछताछ के बाद वर्ली पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया.” उन्होंने बताया कि आरोपी को ट्रांजिट रिमांड के लिए स्थानीय अदालत में पेश किया गया और अब उसे मुंबई लाया जा रहा है.

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button