सिर्फ तुम ही चमत्कार कर सकते हो : श्रीनिवासन ने सीएसके की जीत पर धोनी से कहा

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Tue, 30 May 2023 10:26 PM
सिर्फ तुम ही चमत्कार कर सकते हो : श्रीनिवासन ने सीएसके की जीत पर धोनी से कहा
ऑडियो सुनें

चेन्नई/अहमदाबाद. भारतीय क्रिकेट बोर्ड (बीसीसीआई) के पूर्व अध्यक्ष और चेन्नई सुपरकिंग्स की मालिक इंडिया सीमेंट्स के उपाध्यक्ष एन श्रीनिवासन ने गुजरात टाइटंस के खिलाफ इंडियन प्रीमियर लीग के फाइनल में अंतिम गेंद पर अपनी टीम की रोमांचक जीत को ‘चमत्कार’ करार दिया और कहा कि दिग्गज महेंद्र सिंह धोनी की अगुआई में ही ऐसा कुछ हो सकता है.

श्रीनिवासन ने मंगलवार सुबह सुपरकिंग्स के कप्तान धोनी से बात की और इस शानदार जीत के लिए उन्हें और उनकी टीम को बधाई दी. धोनी को श्रीनिवासन के संदेश को विशेष तौर पर पीटीआई के साथ साझा किया गया. श्रीनिवासन ने धोनी से कहा, ”शानदार कप्तान. आपने करिश्मा कर दिया. आप ही ऐसा कर सकते हैं. हमें खिलाड़ियों और टीम पर गर्व है.” उन्होंने पिछले कुछ दिनों में लगातार मुकाबलों के बाद धोनी को आराम करने की सलाह दी और जीत का जश्न मनाने के लिए उन्हें टीम के साथ चेन्नई आने के लिए आमंत्रित किया.

श्रीनिवासन ने कहा, ”यह सत्र ऐसा रहा है जहां प्रशंसकों ने दिखाया है कि वे महेंद्र सिंह धोनी से कितना प्यार करते हैं. हम भी करते हैं.” सोमवार रात अहमदाबाद में हुए फाइनल में सुपरकिंग्स ने गुजरात टाइटंस को पांच विकेट से हराकर पांचवीं बार आईपीएल खिताब जीता. शाम को एन श्रीनिवासन के साथ चेन्नई सुपर किंग्स के मुख्य कार्यकारी अधिकारी के एस विश्वनाथ और चेयरमैन आर श्रीनिवासन यहां पहुंचे . उन्होंने तिरूमाला तिरूपति देवस्थानम द्वारा संचालित भगवान वेंकटेश्वर मंदिर में ट्रॉफी के साथ पूजा अर्चना की.

प्रशंसकों के प्यार की वजह से अगले साल फिर खेलूंगा : धोनी

चेन्नई सुपर किंग्स को पांचवां खिताब दिलाने के बाद आईपीएल से संन्यास की अटकलों को खारिज करते हुए महेंद्र सिंह धोनी ने कहा कि दर्शकों के प्यार को देखते हुए उन्हें तोहफा देने के लिये वह अगले सत्र में फिर खेलेंगे . इस सत्र की शुरूआत से ही अटकलें लगाई जा रही थी कि यह धोनी का आखिरी सत्र होगा . हर मैदान पर दर्शकों ने उन पर जिस तरह से प्यार लुटाया , उससे इसकी संभावना और प्रबल होती नजर आ रही थी .

गुजरात टाइटंस पर फाइनल में पांच विकेट से जीत के बाद धोनी से जब पूछा गया कि क्या यह उनका आखिरी सत्र है, उन्होंने कहा ,” अगर परिस्थितियों को देखे तो मेरे लिये संन्यास लेने का यह सर्वश्रेष्ठ समय है . मेरे लिये यह कहना बहुत आसान है कि अब मैं विदा ले रहा हूं लेकिन अगले नौ महीने तक कड़ी मेहनत करके लौटना और एक सत्र और खेलना कठिन है .”

उन्होंने कहा ,” शरीर को साथ देना होगा . चेन्नई के प्रशंसकों ने जिस तरह से मुझे प्यार दिया, यह उनके लिये मेरा तोहफा होगा कि मैं एक सत्र और खेलूं . उन्होंने जो प्यार और जज्बात दिखाये हैं, मुझे भी उनके लिये कुछ करना चाहिये .” धोनी ने कहा ,” यह मेरे कैरियर का आखिरी दौर है . यहीं से शुरूआत हुई थी और पूरा स्टेडियम मेरा नाम ले रहा था . ऐसा चेन्नई में भी हुआ था लेकिन मैं वापसी करके जितना खेल सकता हूं, खेलूंगा .”

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu