‘ऑपरेशन सिंदूर’ बिल्कुल उचित, लातों के भूत बातों से नहीं मानते: पूर्व सेना प्रमुख जनरल

Author: navabharat digital
UPDATED: Wed, 07 May 2025 01:57 PM
‘ऑपरेशन सिंदूर’ बिल्कुल उचित, लातों के भूत बातों से नहीं मानते: पूर्व सेना प्रमुख जनरल
ऑडियो सुनें

कोलकाता: भारतीय सेना के पूर्व प्रमुख जनरल शंकर रॉय चौधरी ने पाकिस्तान में और कश्मीर के पाकिस्तान के कब्जे वाले हिस्से में आतंकवादी ठिकानों पर की गई भारतीय सेना की कार्रवाई की बुधवार को सराहना करते हुए कहा कि लातों के भूत बातों से नहीं मानते और ऐसे अभियान आतंकवाद पर लगाम कसने के लिए जारी रहने चाहिए।

‘पीटीआई-भाषा’ से बातचीत में देश के 18वें सेना प्रमुख रॉयचौधरी ने ‘ऑपरेशन सिंदूर’ की प्रशंसा की और कहा कि यह उत्कृष्ट योजना के साथ किया गया एक महान आॅपरेशन था। उन्होंने कहा, “ऑपरेशन सिंदूर पूरी तरह से सफल रहा। यह एक उत्कृष्ट योजना के साथ अंजाम दिया गया बेहद प्रभावशाली सैन्य अभियान था।” भारतीय सशस्त्र बलों ने मंगलवार एवं बुधवार की दरमियानी रात पाकिस्तान एवं पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर में नौ आतंकवादी ठिकानों पर मिसाइल हमले किए, जिनमें बहावलपुर में जैश-ए-मोहम्मद का गढ़ और मुरीदके में लश्कर-ए-तैयबा का ठिकाना शामिल है।

जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में 22 अप्रैल को हुए आतंकवादी हमले के जवाब में ‘ऑपरेशन सिंदूर’ के तहत ये सैन्य हमले किए गए। पहलगाम आतंकवादी हमले में 26 भारतीय नागरिकों की जान गई थी। जनरल रॉयचौधरी नवंबर 1994 से सितंबर 1997 तक सेना प्रमुख रह चुके हैं।

रॉयचौधरी ने कहा, “भारत को उन पर (पाकिस्तान पर) प्रहार जारी रखना चाहिए। ंिहदी में एक शब्द है ‘लातों के भूत बातों से नहीं मानते’… वे ऐसे ही हैं। युद्ध जैसी कोई स्थिति नहीं है। यह पहले से ही एक अघोषित युद्ध है।” मुहावरे (लातों के भूत बातों से नहीं मानते) का अर्थ है कि जो व्यक्ति प्रेम की भाषा नहीं समझता, उसके विरुद्ध कठोर कार्रवाई आवश्यक है।

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By navabharat digital