पहलगाम आतंकी हमला: जम्मू के कई हिस्सों में पूर्ण बंद

Author: navabharat digital
UPDATED: Wed, 23 Apr 2025 02:42 PM
पहलगाम आतंकी हमला: जम्मू के कई हिस्सों में पूर्ण बंद
ऑडियो सुनें

जम्मू: जम्मू कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकवादी हमले के विरोध में बुधवार को जम्मू क्षेत्र के कई हिस्सों में पूर्ण बंद रहा। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। जम्मू शहर के अलावा रियासी, उधमपुर, कटरा, कठुआ और सांबा में भी बंद रहा।

जम्मू शहर के कई हिस्सों में प्रदर्शन हुए जिनमें कई प्रदर्शनकारियों ने पाकिस्तान विरोधी नारे लगाए। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ नेता युद्धवीर सेठी ने संवाददाताओं से कहा, “हम र्सिजकल स्ट्राइक की तर्ज पर पाकिस्तान को मुंहतोड़ जवाब देना चाहते हैं ताकि वहां आतंकवादी ठिकानों को नष्ट किया जा सके।

हम चाहते हैं कि जम्मू-कश्मीर में आतंकवादियों और उनके समर्थकों का सफाया हो।” उन्होंने आगे कहा कि पाकिस्तान आतंकवाद को समर्थन देना कभी बंद नहीं करेगा और उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जानी चाहिए।
भाजपा के एक अन्य नेता राजेश गुप्ता ने कहा, “हम हत्याओं का बदला लेना चाहते हैं। सुरक्षा बलों को बदला लेना चाहिए।”

रियासी में सैकड़ों लोगों ने हमले के विरोध स्वरूप मार्च निकाला और टायर जलाए। बंद के कारण जम्मू शहर में सामान्य जनजीवन प्रभावित रहा। कई नागरिक समाज समूहों और व्यापार निकायों द्वारा आहूत बंद के कारण दुकानें और व्यापारिक प्रतिष्ठान बंद रहे तथा सार्वजनिक परिवहन सड़कों से नदारद रहा।

कई शैक्षणिक संस्थान बंद रहे और सरकारी कार्यालयों में उपस्थिति सामान्य से कम रही। जम्मू बार एसोसिएशन ने भी हमले के विरोध में बंद रखा। जम्मू चैंबर आॅफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री (जेसीसीआई), विश्व ंिहदू परिषद (विहिप), ट्रांसपोर्टर्स एसोसिएशन, जम्मू बार एसोसिएशन और कांग्रेस सहित कई संगठनों ने जम्मू में पूर्ण बंद का आह्वान किया।

एक अधिकारी ने बताया, “बंद के दौरान स्थिति सामान्य है। क्षेत्र में कहीं से भी किसी अप्रिय घटना की कोई खबर नहीं है।” प्रशासन सद्भाव बनाए रखने के लिए समुदाय के नेताओं के साथ संपर्क बनाए हुए है। अधिकारियों ने बताया कि संवेदनशील स्थानों पर पुलिस और अर्धसैनिक बलों की अतिरिक्त तैनाती की गई है, जबकि आवाजाही पर नज़र रखने के लिए चौकियां स्थापित की गई हैं।

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By navabharat digital