
नयी दिल्ली. पाकिस्तान हॉकी टीम को अगले महीने भारत में एशिया कप और नवंबर दिसंबर में होने वाले जूनियर हॉकी विश्व कप में खेलने से रोका नहीं जायेगा क्योंकि ऐसा करना ओलंपिक चार्टर का उल्लंघन होगा , खेल मंत्रालय के एक सूत्र ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी.
हॉकी एशिया कप 29 अगस्त से सात सितंबर तक बिहार के राजगीर में आयोजित किया जाएगा जिसमें भारत सहित आठ टीमें भाग लेंगी. वहीं जूनियर हॉकी विश्व कप चेन्नई और मदुरै में 28 नवंबर से 10 दिसंबर तक खेला जायेगा . सूत्र ने कहा, ”हम किसी भी टीम के भारत में बहुराष्ट्रीय टूर्नामेंट में भाग लेने के खिलाफ नहीं हैं. अगर हम अगर हम पाकिस्तान को रोकने की कोशिश करते हैं तो इसे ओलंपिक चार्टर का उल्लंघन माना जाएगा. इसी तरह हम पाकिस्तान की भागीदारी वाले किसी भी बहुराष्ट्रीय टूर्नामेंट में भाग लेंगे. लेकिन द्विपक्षीय प्रतियोगिता अलग होती है और इस मामले में कोई छूट नहीं दी जाएगी. ” मंत्रालय के इस फैसले से सितंबर में यहां होने वाले निशानेबाजी जूनियर विश्व कप और सितंबर-अक्टूबर में राजधानी में होने वाली विश्व पैरा-एथलेटिक्स चैंपियनशिप में पाकिस्तान की भागीदारी का रास्ता भी साफ हो गया है.
सूत्र ने कहा ,”अंतरराष्ट्रीय खेल की मांग है कि हम भागीदारी से पीछे नहीं हट सकते . रूस और यूक्रेन के बीच युद्ध चल रहा है लेकिन वे बहुराष्ट्रीय टूर्नामेंटों में एक दूसरे से खेलते हैं . यही नियम है और हम इन नियमों का पालन कर रहे हैं. ” उन्होंने कहा, ”हमने हॉकी इंडिया को इस फैसले के बारे में सूचित कर दिया है. ” यह पूछने पर कि क्या सितंबर में भारत को पाकिस्तान के खिलाफ एशिया कप क्रिकेट में खेलने की अनुमति दी जायेगी , सूत्र ने कहा ,” बीसीसीआई ने अभी इस मसले पर संपर्क नहीं किया है . जब वे संपर्क करेंगे तो हम इस मसले पर बात करेंगे .” अटकलें लगाई जा रही हैं कि भारत और पाकिस्तान महाद्वीपीय टूर्नामेंट के दौरान राउंड रॉबिन मैच में एक-दूसरे से खेलेंगे जो संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) या श्रीलंका में आयोजित होने वाला है हालांकि मूल मेजबान भारत ही है.
भारत और पाकिस्तान 2008 के मुंबई आतंकी हमलों के बाद से द्विपक्षीय टूर्नामेंट से बचते रहे हैं लेकिन अप्रैल में पहलगाम में आतंकी हमले में 26 पर्यटकों की हत्या के बाद कई देशों के टूर्नामेंट में भिड़ंत भी संदेह के घेरे में थी. भारत और पाकिस्तान की टीमों ने मई में ओमान में दसवीं एशियाई ‘बीच हैंडबॉल चैम्पियनशिप’ में एक दूसरे के खिलाफ खेला था .
सूत्र ने कहा ,” अगर हम उन्हें खेलने की अनुमति नहीं देते हैं तो यह ओलंपिक चार्टर का उल्लंघन होगा . इसलिये गृह और विदेश मंत्रालय से विमर्श के बाद खेल मंत्रालय ने अनुमति देने का फैसला किया है .” हॉकी इंडिया के अध्यक्ष दिलीप टिर्की ने इस घटनाक्रम पर भाषा से कहा ,”अभी हमें औपचारिक सूचना का इंतजार है लेकिन यह हॉकी के लिये अच्छी खबर है . भारत और पाकिस्तान के हॉकीप्रेमी टीमों को एक दूसरे के खिलाफ खेलते देखना चाहते हैं .” पहलगाम में 22 अप्रैल को आतंकवादी हमले में 26 लोगों के मारे जाने के बाद जवाबी कार्रवाई में आपरेशन सिंदूर के तहत भारत ने पाकिस्तान में आतंकवादी ठिकानों पर सैन्य हमला किया था . दोनों देशों के बीच तनाव के कारण पाकिस्तानी हॉकी टीम की भारत में होने वाले टूर्नामेंटों में भागीदारी मुश्किल लग रही थी.
आधिकारिक सूचना का इंतजार , लेकिन हॉकी के लिए यह अच्छा फैसला : दिलीप टिर्की
भारतीय हॉकी टीम के पूर्व कप्तान और हॉकी इंडिया अध्यक्ष दिलीप टिर्की ने पाकिस्तानी टीम को भारत की मेजबानी में होने वाले आगामी टूर्नामेंटों में खेलने से नहीं रोकने के फैसले का स्वागत करते हुए कहा कि यह हॉकी के लिये अच्छा फैसला है . खेल मंत्रालय के सूत्र के अनुसार मंत्रालय ने अगस्त में बिहार के राजगीर में होने वाले एशिया कप और नवंबर दिसंबर में तमिलनाडु में होने वाले जूनियर विश्व कप में पाकिस्तान की भागीदारी की अनुमति देने का फैसला किया है .
टिर्की ने इस घटनाक्रम पर भाषा से कहा ,”हमारे पास अभी आधिकारिक सूचना नहीं आई है और मैं भी मीडिया से सुन रहा हूं . लेकिन अगर सरकार ने मंजूरी दे दी है तो यह हॉकी के लिये बहुत अच्छी बात है .” तीन ओलंपिक खेल चुके इस महान डिफेंडर ने कहा ,”भारत दो महत्वपूर्ण टूर्नामेंटों की मेजबानी करने जा रहा है . एशिया कप बिहार के राजगीर में और जूनियर विश्व कप चेन्नई और मदुरै में होगा और दोनों में पाकिस्तान की टीमें भाग ले रही हैं.” बीजद के राज्यसभा सांसद रह चुके टिर्की ने कहा कि भारत और पाकिस्तान के बीच हॉकी मैच खेल के प्रचार के लिये अच्छे होते हैं क्योंकि लोगों की इसमें काफी रूचि होती है . इससे खेल के लिये अच्छा माहौल बनता है और टूर्नामेंट की सफलता के लिये भी यह अच्छा होगा .
यह पूछने पर कि पाकिस्तान के आने पर सुरक्षा को लेकर तैयारी अधिक करनी होगी, भारत के लिये 412 अंतरराष्ट्रीय मैच खेल चुके इस दिग्गज ने कहा ,” हम अपनी तैयारी कर रहे हैं . पिछले कुछ समय के घटनाक्रम के बाद संभवत: यह पाकिस्तान की किसी भी टीम का पहला भारत दौरा होगा तो उसी हिसाब से सुरक्षा के चाक चौबंद उपाय किये जायेंगे .” उन्होंने कहा कि पाकिस्तान हॉकी महासंघ से फिलहाल कोई बात नहीं हुई है लेकिन खेल मंत्रालय से आधिकारिक सूचना मिलने पर आगे बात की जायेगी .
अपने खेलने के दिनों में भारत . पाकिस्तान हॉकी प्रतिद्वंद्विता को याद करते हुए टिर्की ने कहा कि मैदानी प्रतिद्वंद्विता के बावजूद उस समय खिलाड़ियों के बीच मैदान से बाहर अच्छी दोस्ती हुआ करती थी . उन्होंने कहा ,” मैने जब शुरूआत की थी तब हमारी टीम में परगट सिंह, धनराज पिल्लै जैसे दिग्गज थे और पाकिस्तानी टीम में शाहबाज सीनियर, ताहिर जमां जैसे सितारे थे जिनके बाद सोहेल अब्बास, वसीम अहमद , शकील अब्बासी जैसे खिलाड़ी आये . दोनों टीमों के बीच मैदानी प्रतिद्वंद्विता जबर्दस्त थी लेकिन मैदान के बाहर अच्छी मित्रता रहती थी .”



