यूनान में यात्री ट्रेन और मालगाड़ी की टक्कर में 36 लोगों की मौत, 85 घायल

Author: Nandkishoryadav
UPDATED: Wed, 01 Mar 2023 06:43 PM
यूनान में यात्री ट्रेन और मालगाड़ी की टक्कर में 36 लोगों की मौत, 85 घायल
ऑडियो सुनें

टेम्पे. उत्तरी यूनान में मंगलवार देर रात एक यात्री ट्रेन और एक मालगाड़ी की टक्कर में कम से कम 36 लोगों की मौत हो गई, जबकि 85 घायल हो गए. अधिकारियों ने बताया कि यात्री ट्रेन राजधानी एथेंस से थेसालोनिकी की तरफ जा रही थी और इसमें सैकड़ों यात्री सवार थे, जिनमें कई छात्र भी शामिल थे, जो छुट्टियों के बाद विश्वविद्यालय लौट रहे थे.

अधिकारियों के मुताबिक, एथेंस से लगभग 380 किलोमीटर उत्तर में स्थित टेम्पे के पास मंगलवार देर रात एक यात्री ट्रेन उस समय मालगाड़ी से टकरा गई, जब वह एक हाईवे अंडरपास से बाहर निकल रही थी. दोनों ही ट्रेन बेहद तेज रफ्तार से आमने-सामने से आ रही थीं.

उन्होंने बताया कि हादसे में यात्री ट्रेन और मालगाड़ी के कई डिब्बे पटरी से उतर गए और कम से कम तीन डिब्बों में आग लग गई.
अधिकारियों के अनुसार, बचाव दलों को फौरन घटनास्थल के लिए रवाना किया गया और वे रात के घने अंधेरे में आग की लपटों और धुएं के गुबार के बीच ‘फ्लडलाइट’ की रोशनी में लोगों की तलाश करते दिखे. सुबह ट्रेन के पलटे डिब्बों को हटाने के लिए भारी मशीनें घटनास्थल पर भेजी गईं.

­­­हादसे के बाद मौके पर पहुंचे एक स्थानीय व्यक्ति ने कहा, ‘‘वहां स्टील के टुकड़े बिखरे पड़े थे. दोनों ट्रेन बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गई थीं. घबराये यात्री डिब्बों से बाहर निकलते और रोते-बिलखते नजर आ रहे थे.’’ उपस्वास्थ्य मंत्री मीना गागा ने कहा, ‘‘यह एक भयानक त्रासदी है, जिसका दर्द महसूस करना मुश्किल है. मुझे इन बच्चों के अभिभावकों के लिए बहुत दुख हो रहा है.’’ यूनान के प्रधानमंत्री किरियाकोस मित्सोताकिस के बुधवार को घटनास्थल का दौरा करने की संभावना है.

‘ग्रीक रेलरोड वर्कर्स यूनियन’ के अध्यक्ष यानिस नित्सस ने बताया कि हादसे में मारे गए लोगों में दोनों ट्रेन के चालकों सहित कुल आठ रेलकर्मी भी शामिल हैं. वहीं, यूनान के दमकल विभाग ने बताया कि लगभग 66 लोगों को विभिन्न अस्पतालों में भर्ती कराया गया है और इनमें से छह की हालत गंभीर है और उन्हें सघन देखभाल इकाई में रखा गया है. विभाग के मुताबिक, बचाव अभियान जारी है और पुलिस ने हादसे के संबंध में दो रेल अधिकारियों से पूछताछ की है.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Nandkishoryadav