दुर्घटना में पीडीपी प्रमुख महबूबा मुफ्ती बाल-बाल बचीं; ड्राइवर, सुरक्षाकर्मी घायल

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Thu, 11 Jan 2024 08:24 PM
दुर्घटना में पीडीपी प्रमुख महबूबा मुफ्ती बाल-बाल बचीं; ड्राइवर, सुरक्षाकर्मी घायल
ऑडियो सुनें

श्रीनगर. जम्मू-कश्मीर के अनंतनाग जिले में सड़क दुर्घटना में पीपुल्स डेमोक्रेटिक पार्टी (पीडीपी) प्रमुख महबूबा मुफ्ती के एक सुरक्षाकर्मी सहित दो लोग बृहस्पतिवार को घायल हो गए. घटना में मुफ्ती बाल-बाल बच गईं. अधिकारियों ने यह जानकारी दी. एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि जम्मू-कश्मीर की पूर्व मुख्यमंत्री का वाहन अनंतनाग के संगम में एक कार से टकरा गया.

अधिकारी ने बताया कि मुफ्ती एक अग्निकांड के पीड़ितों से मिलने के लिए खानाबल जा रही थीं, तभी यह दुर्घटना हुई. मुफ्ती को कोई चोट नहीं आई. अधिकारी ने कहा कि घटना में मुफ्ती की निजी सुरक्षा में तैनात एक पुलिसकर्मी और ड्राइवर को मामूली चोट आईं. दुर्घटना में मुफ्ती का वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया, लेकिन वह दूसरी कार में अपने निर्धारित कार्यक्रम अनुसार आगे बढ़ गईं. पीडीपी के एक प्रवक्ता ने कहा कि मुफ्ती सुरक्षित हैं और उन्हें कोई चोट नहीं आई.

मुफ्ती की बेटी इल्तिजा मुफ्ती ने पुष्टि की कि उनकी मां सुरक्षित हैं. इल्तिजा पीडीपी अध्यक्ष की मीडिया सलाहकार भी हैं. इल्तिजा ने ‘एक्स’ पर पोस्ट किया, ”मुफ्ती की कार आज अनंतनाग के रास्ते में एक भीषण दुर्घटना का शिकार हो गई. ईश्वर की कृपा से वह और उनके सुरक्षा अधिकारी सुरक्षित बच गए.” नेशनल कॉन्फ्रेंस के उपाध्यक्ष उमर अब्दुल्ला ने मुफ्ती के सुरक्षित होने पर राहत व्यक्त करते हुए दुर्घटना के कारण का पता लगाने के लिए जांच की मांग की.

अब्दुल्ला ने ‘एक्स’ पर पोस्ट किया, ”यह जानकर राहत महसूस कर रहा हूं कि महबूबा मुफ्ती साहिबा दुर्घटना में बाल-बाल बच गईं. मुझे उम्मीद है कि सरकार दुर्घटना की परिस्थितियों की जांच करेगी. अगर उनकी सुरक्षा में किसी भी तरह की कमी थी, तो उससे तुरंत निपटा जाना चाहिए.” कांग्रेस नेता सलमान सोज और पीडीपी नेता नईम अख्तर समेत अन्य ने भी मुफ्ती और उनके काफिले के सुरक्षित रहने की कामना की. पीडीपी अध्यक्ष ने ‘एक्स’ पर पोस्ट किया, ”उन सबका आभार, जिन्होंने मेरे लिए चिंता की और प्रार्थना की. मैं ठीक हूं, अल्हम्दुलिल्लाह. मेरे ड्राइवर और पीएसओ को चोट आई हैं और मुझे उम्मीद है कि वे जल्द ही ठीक हो जाएंगे.”

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu